प्याज पर राजनीति कर रही भाजपा : शीला दीक्षित

प्याज पर राजनीति कर रही भाजपा : शीला दीक्षित

प्याज पर राजनीति कर रही भाजपा : शीला दीक्षित नई दिल्ली : भाजपा जहां प्याज के आसमान छूते दामों को दिल्ली के चुनावों में भुनाने की कोशिश कर रही है वहीं मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने सोमवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।

दीक्षित ने कहा, ‘एक राजनीतिक दल ने चार दुकानें खोलीं। एक दूसरी पार्टी, जो राजनीतिक दल बनने का प्रयास कर रही है, ने दो आउटलेट खोले। ये दल राजनीतिक फायदा उठाने के लिए राजनीतिक हथकंडा अपना रहे हैं।’

भाजपा ने रविवार को 25 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से प्याज बेचना शुरू किया था जबकि इसकी बाजार में कीमत फिलहाल 80 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास चल रही है। भाजपा ने प्याज के दाम नहीं घटा पाने पर खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री हारून यूसुफ को तत्काल हटाने की मांग की है।

अरविंद केजरीवाल की आप पार्टी ने भी कुछ इलाकों में प्याज बेचना शुरू किया है।

दिल्ली सरकार शहरभर में करीब 1,000 स्थानों पर 50-55 रुपये प्रति किलोग्राम की दर पर प्याज बेच रही है।

दीक्षित ने भाजपा पर इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार थोक सब्जी मंडी में प्याज की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करके उसके दाम कम करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘हम राजनीतिक दल के रूप में प्याज नहीं बेच रहे। हम सरकार की जिम्मेदारी के तौर पर किफायती प्याज बेच रहे हैं। हम मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं कर रहे। सरकार जनता की मदद के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।’

साल 1998 में प्याज की बढ़ी कीमतों के कारण दिल्ली में भाजपा की सरकार गिर गयी थी। क्या प्याज के दाम बढ़ने का असर आगामी विधानसभा चुनावों पर भी पड़ सकता है, इस बारे में पूछे जाने पर दीक्षित ने कहा कि उनकी सरकार प्याज के दाम कम करने के लिए सभी जरूरी कोशिश कर रही है। भाजपा सरकार ने ऐसा नहीं किया था।

उन्होंने कहा, ‘भाजपा सरकार इसलिए गिर गयी क्योंकि उसने जनता की मदद करने की कोशिश नहीं की थी।’ (एजेंसी)

First Published: Monday, August 19, 2013, 18:54

comments powered by Disqus