बंधक संकट: 27 लोगों के छोड़ने की घोषणा - Zee News हिंदी

बंधक संकट: 27 लोगों के छोड़ने की घोषणा


भुवनेश्वर : ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को उन 27 लोगों के नामों की घोषणा की जिन्हें छोड़े जाने पर नक्सलियों के चंगुल से इटली के एक नागरिक और बीजू जनता दल (बीजद) के विधायक झिना हिकाका की रिहाई सुनिश्चित हो सकेगी। उधर, नक्‍सलियों ने अपनी मांगों को लेकर डेडलाइन बढ़ा दी है। यह डेडलाइन पांच अप्रैल से बढ़कार सात अप्रैल की गई है।

 

पटनायक ने कहा कि 27 लोगों की रिहाई का फैसला मानवीय आधार पर लिया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नक्सली बंधकों को बिना नुकसान पहुंचाए शीघ्र छोड़ देंगे। राज्य सरकार जिन लोगों को छोड़ने वाली है उनमें शीर्ष नक्सली नेता सब्यसाची पांडा की पत्नी सुभाश्री (मिली) पांडा शामिल है। सुभाश्री कथित नक्सली गतिविधियों के लिए कई मामलों में सुनवाई का सामना कर रही है। उस पर राजद्रोह का भी आरोप है।

 

सब्यसाची प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी (भाकपा-माओवादी) की आयोजन समिति के राज्य इकाई का सचिव है। उसके समूह ने इटली के टूर संचालक बोसुस्को पाओलो को गत 14 मार्च से बंधक बना रखा है। पटनायक ने बुधवार देर रात विधायक हिकाका के बदले में आठ नक्सलियों सहित 23 लोगों को रिहा करने की घोषणा की। नक्सलियों ने झिना का अपहरण 24 मार्च को किया था। जबकि पटनायक ने इटली के नागरिक की रिहाई के लिए चार अन्य लोगों को छोड़े जाने की घोषणा की थी।

(एजेंसी)

First Published: Thursday, April 5, 2012, 21:18

comments powered by Disqus