बादल नेता निर्वाचित, शपथ 14 को - Zee News हिंदी

बादल नेता निर्वाचित, शपथ 14 को

चंडीगढ़ : शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन ने शुक्रवार को पंजाब में सरकार बनाने के लिए दावा पेश किया तथा राज्यपाल शिवराज पाटिल ने दोनों दलों को 14 मार्च को शपथ ग्रहण के लिए न्यौता दिया।

 

शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन की संयुक्त बैठक में 85 वर्षीय प्रकाश सिंह बादल को उनका नेता चुना गया जिससे रिकार्ड पांचवी बार उनके मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया। बादल के नाम का भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने प्रस्ताव किया तथा अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने उसका समर्थन किया।

 

बैठक में भाजपा के पंजाब मामलों के प्रभारी शांता कुमार और राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली मौजूद थे। बैठक के बाद बादल, सुखबीर, भाजपा विधायक दल के नेता भगतलाल चुनी, अश्विनी शर्मा, शांता कुमार, अकाली दल के महासचिव दलजीत सिंह चीमा पंजाब राज भवन गये और पाटिल को प्रस्ताव की प्रति सौंपी। इस प्रस्ताव में बादल को अकाली-भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। राज्यपाल ने इसके बाद बादल को सरकार बनाने के लिए निमंत्रण पत्र सौंपा।

 

चंडीगढ़ से 50 किमी दूर अजीतगढ़ जिले के छप्पड़ छीड़ी बंदा बहादुर स्मारक पर 14 मार्च को शपथ ग्रहण समारोह होगा। अकाली दल ने 1966 में पंजाब के पुनर्गठन के बाद 46 सालों के भीतर एक नया इतिहास रच दिया। वह पहली ऐसी पार्टी है जिसने भाजपा के साथ अपनी सत्ता बरकरार रखी। इस बार गठबंधन को 68 सीटें मिली हैं जबकि 2007 में उसे 67 सीटें मिली थी। पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा में शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन को 68 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत मिला है। (एजेंसी)

First Published: Friday, March 9, 2012, 21:19

comments powered by Disqus