बादल रिकॉर्ड पांचवीं बार बने मुख्यमंत्री - Zee News हिंदी

बादल रिकॉर्ड पांचवीं बार बने मुख्यमंत्री

चप्पड़ चिड़ी (पंजाब) : शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के 85 वर्षीय नेता प्रकाश सिंह बादल ने बुधवार को रिकॉर्ड पांचवीं बार पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। लगातार दूसरी बार अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार के उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले उनके पुत्र सुखबीर सहित कैबिनेट रैंक के 17 अन्य मंत्रियों ने भी आज शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के रूप में बादल का पांचवां कार्यकाल शुरू हो  गया। बादल इससे पहले 1969, 1977, 1997 एवं 2007 में पंजाब के मुख्यमंत्री बने थे। इस तरह वह लगभग 14 वर्ष तक राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

 

चंडीगढ़ से करीब 25 किलोमीटर दूर यहां एक समारोह में राज्यपाल शिवराज वी पाटिल ने बादल (मुख्यमंत्री), उनके 50 वर्षीय पुत्र सुखबीर (उपमुख्यमंत्री) और कैबिनेट रैंक के 16 मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कैबिनेट रैंक के 16 मंत्रियों में से 14 एसएडी से और चार भाजपा से हैं। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा, तृणमूल कांग्रेस, राकांपा, जनता दल (यू) और इनेलो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए। इस अवसर पर मौजूद नेताओं में लालकृष्ण आडवाणी, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, वसुंधरा राजे, नवजोत सिद्धू (सभी भाजपा से), मुकुल राय, रचपाल सिंह, केडी सिंह (तृणमूल कांग्रेस), केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल (राकांपा) , जनता दल (यू) के प्रमुख शरद यादव और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता ओमप्रकाश चौटाला भी सम्मिलित थे।

 

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी इस मौके पर मौजूद थे ।
बादल ने मंत्रिमंडल के गठन का काम आज एक साथ ही पूरा कर दिया जिसमें मुख्यमंत्री सहित 18 मंत्री ही हो सकते हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की अगुवाई वाली नई सरकार के 18 सदस्यीय मंत्रिमंडल में जालंधर से तीन मंत्री बनाए गए हैं, इनमें से एक भाजपा का जबकि दो अकाली दल के सदस्य हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा भाजपा के तेज तर्रार नेता मनोरंजन कालिया को मंत्री पद नहीं मिल पाया है। सरकार के 18 सदस्यीय मंत्रिमंडल में जालंधर से तीन मंत्री बनाए गए हैं। इनमें एक पुराने हैं जबकि दो सदस्य मंत्रिमंडल में नए शामिल किये गए हैं।

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा जालंधर पश्चिम से विधायक भगत चुनी लाल को कैबिनेट में जगह दी गई है। पिछली सरकार में वह विधानसभा में उपाध्यक्ष के पद पर थे । शाहकोट से अकाली दल विधायक अजीत सिंह कोहाड को कैबिनेट में दोबारा जगह दी गई है। पिछली सरकार में उनके पास राजस्व मंत्रालय था। जिले के करतारपुर से एक अन्य अकाली विधायक सरवन सिंह फिल्लौर को पदोन्नति देकर कैबिनेट में शामिल किया गया है। पिछली सरकार में वह मुख्य संसदीय सचिव का पद संभाल रहे थे। मंत्रिमंडल में शामिल भाजपा नेताओं के बारे में प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि मंत्रिमंडल देखने के बाद अब यह तय हो गया है कि सरकार में भाजपा की नहीं चलेगी।

 

इससे पहले, बादल ने परिहास के अंदाज में कहा, मैं 1969 में देश में सबसे युवा मुख्यमंत्री बना था और अब मैं देश में सबसे बूढ़ा मुख्यमंत्री बनने जा रहा हूं।

 

 (एजेंसी)

First Published: Wednesday, March 14, 2012, 17:13

comments powered by Disqus