Last Updated: Tuesday, March 26, 2013, 12:13
भुवनेश्वर: ओडिशा में एक व्यक्ति को दो साल पहले एक बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या करने के मामले में मृत्युदंड की सजा सुनाई गई है। नबरंगपुर जिले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के. सी. मोहपात्रा ने दुष्कर्म व हत्या के इस दो साल पुराने मामले में मिश्रो परीजा को दोषी करार देते हुए उसे यह सजा सुनाई। इस मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने 18 गवाहों की गवाही और सरकारी वकील प्रकाश मिश्रा की दलील सुनी।
अभियोजन पक्ष ने कहा कि 25 वर्षीय परीजा ने 27 फरवरी, 2011 को जिले के केसरबेड़ा गांव के नजदीक एक चारागाह में 60 साल की बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
परीजा महिला का शव स्थानीय शवदाह मैदान में ले जा रहा था, लेकिन इसी बीच ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और महिला के बेटे की शिकायत पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया।
ओडिशा में इस सप्ताह यह दूसरा मामला है, जब दुष्कर्म व हत्या के मामले में अदालत ने मृत्युदंड का फैसला सुनाया है। इससे पहले 22 मार्च को झारसुगुडा में 22 साल के एक व्यक्ति को ऐसे ही एक मामले में मौत की सजा सुनाई गई थी। उसे अक्टूबर, 2009 में एक नाबालिग लड़की की हत्या और बाद में उसके शव के साथ दुष्कर्म का दोषी पाया गया था। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, March 26, 2013, 12:13