Last Updated: Sunday, June 10, 2012, 21:36
पटना : प्रतिबंधित जातीय संगठन रणवीर सेना के संस्थापक ब्रहमेश्वर मुखिया की शव यात्रा के दौरान पटना में गत दो जून को उनके समर्थकों द्वारा कथित रूप से मचाए गए उत्पात के मामले में पुलिस ने आज एक उपद्रवी को गिरफ्तार करते हुए 20 अन्य संदिग्ध उपद्रवियों का फोटो एल्बम मीडिया में जारी किया है।
मुखिया की शव यात्रा के दौरान पटना में उनके समर्थकों द्वारा मचाए गए उत्पात, आगजनी और तोड़फोड़ के दौरान कई सरकारी कार्यालयों में आग लगा दी गयी थी और कई वाहनों में आग लगा दी गयी थी। इस मामले में पटना जिला के कोतवाली थाना में एक, सचिवालय में दो और शाहपुर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। इस मामले की छानबीन का जिम्मा पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) पटना मनोज कुमार को सौंपा गया था।
मनोज ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि मामले में सुभाष नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और छह अन्य उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 20 अन्य संदिग्ध उपद्रवियों की पहचान में लोगों की मदद हासिल करने के लिए उनका फोटो एल्बम मीडिया में जारी किया गया है।
इस बीच अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) एस के भारद्वाज ने आज भोजपुर जिला मुख्यालय आरा पहुंचकर आगामी 13 जून को आयोजित होने वाले ब्रहमेश्वर मुखिया के श्राद्ध क्रम के अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त की तैयारियों की व्यवस्था की समीक्षा की।
आरा से पटना लौटने पर भारद्वाज ने बताया कि मुखिया के श्राद्ध क्रम के अवसर पर दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति के साथ व्यापक स्तर पर सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि बीते एक जून की प्रात: ब्रहमेश्वर मुखिया की भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के कतिरा मुहल्ले में अज्ञात अपराधियों ने उस समय अंधाधुंध गोलीबारी कर हत्या कर दी थी जब वे अपने घर से सुबह की सैर पर निकले थे। इस घटना के बाद और शवयात्रा के दौरान उनके समर्थकों ने दो जून को पटना में उपद्रव, आगजनी और तोड़फोड़ की तथा कई सरकारी कार्यालयों में और कई वाहनों में आग लगा दी।
रणवीर सेना पर दिसम्बर, 1996 में हुए लक्ष्मणपुर-बाथे नरसंहार, जिसमें 61 दलितों की हत्या कर दी गई थी, सहित कई जातीय नरसंहारों को अंजाम देने के आरोप हैं। इस संगठन के संस्थापक ब्रहमेश्वर मुखिया पर इन नरसंहारों की साजिश रचने का आरोप था। रणवीर सेना प्रमुख के रूप में नरसंहार से संबंधित 22 मामलों में से 16 में ब्रहमेश्वर बरी हो चुके थे और छह मामलों में जमानत पर थे। (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 10, 2012, 21:36