भटक कर पाक सीमा में पहुंची बालिका घर लौटी

भटक कर पाक सीमा में पहुंची बालिका घर लौटी

बीकानेर : भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित खाजूवाला क्षेत्र में शुक्रवार को खेत में अपने भाइयों के साथ पशु चराते हुए छह वर्षीय बालिका पाकिस्तान सीमा की तारबंदी पार कर गयी थी, वह सोमवार को तीसरे दिन मिल गई। दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के मध्य हुई फ्लैग मिटिंग में पाक रेंजर्स ने बालिका को सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों को सौंप दिया।

सीमा सुरक्षा बल के महानिरीक्षक करणसिंह राठौड ने भाषा को बताया कि भारत पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों व पाक रेंजर्स के मध्य फ्लैग मीटिंग हुई। इसमें पाक रेंजर्स ने बालिका को सुपुर्द कर दिया। बालिका को खोजने के लिए रविवार को बातचीत हुई थी। इसके बाद पाकिस्तान की ओर से बालिका को खोजने के प्रयास तेज किए गए। आज शाम में हुई मीटिंग में पाक रैंजर्स ने बालिका को सौंप दिया।

गौरतलब है कि खाजूवाला सैक्टर की 43 केवाईडी चक के पूजा (6) पुत्री सुखराम शुक्रवार को अपने भाइयों के साथ पशु चरा रही थी तभी रास्ता भटकर वह तारंबदी को पार कर गई। इसके बाद बच्ची के पिता से जानकारी मिलने पर सीमा सुरक्षा बल ने खोजबीन शुरू की। सीमा सुरक्षा बल की खोज में पाया गया कि बालिका के पदचिन्ह सीमा पार जा रहे हैं। इसके बाद रविवार को पाक रैंजर्स व सीसुब के बीच फ्लैग बैठक हुई। बच्ची के गुम हो जाने की रिपोर्ट भी खाजूवाला पुलिस थाने में दर्ज कराई गई। सुखराम का खेत भारत-पाक सीमा के पास स्थित है। इस प्रकार की यह पहली घटना है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, April 2, 2013, 00:31

comments powered by Disqus