Last Updated: Friday, August 2, 2013, 10:53

मुंबई: अगले कुछ दिनों तक मुंबई, तटीय कोंकण क्षेत्र सहित महाराष्ट्र उत्तरी हिस्सों में तूफानी मौसम रहने के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह चेतावनी जारी की। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक विशेष बुलेटिन जारी कर कहा है कि इन क्षेत्रों के अलावा उत्तर-मध्य महाराष्ट्र व दक्षिणी गुजरात में भी अगले 48 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा तट पर बने मानसूनी दबाव और उसके पश्चिम की ओर बढ़ने से मौसम में यह बदलाव हुआ है।
गुरुवार को कम दबाव का क्षेत्र कमजोर हुआ है। इससे पहले इसके चलते पूर्वी महाराष्ट्र के विदर्भ व अन्य हिस्सों में बीते दो-तीन दिनों से भारी से बहुत भारी बारिश हो रही थी, जिसमें अब तक 107 लोगों की मौत हो चुकी है।
कम दबाव के क्षेत्र के कारण उत्तरी महाराष्ट्र, उत्तरी तटीय क्षेत्रों व दक्षिणी गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मछुआरों को अरब सागर में जाने के लिए मना किया गया है। राज्य के सभी बंदरगाहों पर चेतावनी संकेत लगा दिया गया है।
मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, बृहनमुंबई नगरनिगम व राष्ट्रीय आपदा कार्रवाई बल सहित सभी आपदा एजेंसियों के लिए मुंबई, पुणे व अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। अगले कुछ दिनों तक अधिकारी किसी भी तरह की आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार रहेंगे। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 2, 2013, 10:53