Last Updated: Wednesday, September 11, 2013, 13:43

आगरा : लोकसभा चुनाव में गैर कांग्रेस और गैर भाजपा दलों को दोनों राष्ट्रीय पार्टियों से अधिक सीटें मिलने तथा चुनाव बाद तीसरे मोर्चे के गठन का दावा कर रही समाजवादी पार्टी ने कहा है कि वह उत्तर प्रदेश के बाहर भी अपने उम्मीदवार खड़े करेगी।
पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के दूसरे दिन बुधवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में इसके राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी उत्तर प्रदेश के अलावा कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और बिहार में भी अपने उम्मीदवार खड़े करेगी।
रामगोपाल ने दावा किया कि आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा अन्य दलों से बहुत पीछे रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें (कांग्रेस और भाजपा) अन्य दलों के मुकाबले कम सीटें मिलने वाली हैं। तीसरे मोर्चे के गठन के बारे में सवाल होने पर सपा नेता ने कहा कि इस संबंध में जो भी होगा, लोकसभा चुनावों के बाद ही होगा।
उत्तर प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर रामगोपाल ने कहा कि यह राज्य सरकार का विषय है। उन्होंने इसी क्रम में कहा कि चुनाव जब भी आते हैं, कतिपय राजनीतिक दल सांप्रदायिकता फैलाने की कोशिश करते हैं और वही सब उत्तर प्रदेश में भी हो रहा है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, September 11, 2013, 13:43