Last Updated: Monday, June 17, 2013, 23:49
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के अमरोहा से राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के सांसद देवेन्द्र नागपाल ने सोमवार को बागी तेवर अपनाते हुए पार्टी अध्यक्ष अजित सिंह पर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया और रालोद को छोड़कर समाजवादी पार्टी (सपा) का दामन थामने का एलान किया।
नागपाल ने यहां एक बयान में कहा कि मैं रालोद नेता अजित सिंह की किसान विरोधी तथा कार्यकर्ता विरोधी नीतियों से क्षुब्ध हूं। सिंह ने आरक्षण देने के नाम पर जाटों को धोखा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंह को जब केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में शामिल करने की बात शुरू हुई थी तो उन्होंने जाटों को आरक्षण दिलाने को तिलांजलि देकर नागर उड्डयन मंत्री बनना बेहतर समझा।
नागपाल ने कहा कि रालोद प्रमुख की किसान तथा कार्यकर्ता विरोधी नीतियों से क्षुब्ध होकर वह जल्द ही पार्टी से किनारा कर लेंगे। उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की कार्यप्रणाली से प्रभावित हैं और वह जल्द ही सपा में शामिल होंगे। सांसद ने दावा किया कि मुलायम सिंह यादव की सरपरस्ती में सपा दिल्ली की गद्दी की ओर बढ़ रही है और आगामी लोकसभा चुनाव में वह 50-60 सीटें जीतेगी। (एजेंसी)
First Published: Monday, June 17, 2013, 23:49