Last Updated: Tuesday, January 8, 2013, 18:08

लखनऊ : उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों से बर्फीली हवा और उसके चलते बढ़ी गलन से उत्तर प्रदेश के लोग बेहाल हैं। ठंड का रौद्र रूप जारी है और लखनऊ, कानपुर, आगरा तथा गाजीपुर में पारा शून्य से नीचे जा लुढ़का है।
सूत्रों के मुताबिक ठंड की चपेट में आने से पिछले 24 घंटे के दौरान कम से कम 24 लोगों की मृत्यु हो गयी। इनमें उन्नाव और बाराबंकी में पांच-पांच, महोबा तथा चित्रकूट में तीन-तीन, देवरिया, ललितपुर तथा मउ में दो-दो एवं फिरोजाबाद और हाथरस में एक-एक मौत शामिल है। इसके साथ ही इस मौसम में ठंड लगने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 199 हो गयी है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान कानपुर में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु यानी शून्य से नीचे 1.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री कम था। इस तरह यह उद्योग नगरी प्रदेश की सबसे ठंडी जगह रही।
इसके अलावा राजधानी लखनउ में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु को पार कर गया। पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी में पारा शून्य से नीचे 0.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री कम था।
मौसम विभाग के मुताबिक 31 जनवरी 1964 को लखनउ का न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे दर्ज किया गया था, जो नवाबों के शहर में अब तक का सबसे कम तापमान का रिकार्ड है।
ताजनगरी आगरा भी जबर्दस्त ठंड की चपेट में है। पिछले 24 घंटे के दौरान वहां का न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम था। गाजीपुर में भी तापमान शून्य से नीचे लुढ़क गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान वहां का तापमान शून्य से नीचे 0.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री नीचे था।
इसके अलावा नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री, फुरसतगंज में 0.6, बरेली तथा मुजफ्फरनगर में 0.7, लखीमपुर खीरी में 1.4, तथा सुलतानपुर में 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से छह से आठ डिग्री कम था।
अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के ज्यादातर हिस्सों में शीतलहर चलने तथा घना कोहरा गिरने का अनुमान है।
बरेली से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जबर्दस्त ठंड के चलते शहर में पहली बार ओस बर्फ में तब्दील हुई। घरों की छतों, कारों के शीशों और छतों तथा खिड़कियों पर बर्फ की पतली परत देखी गयी।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हिमालय से आने वाली सर्द हवा जिले के लोगों को अगले 48 घंटे तक और ठिठुरने पर मजबूर करेगी। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 8, 2013, 18:06