Last Updated: Friday, October 19, 2012, 10:27
ज़ी न्यूज ब्यूरो/
एजेंसीजयपुर : महाराष्ट्र के सिंचाई घोटाले में पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी का नाम आने और कर्नाटक में अपने नेता बी.एस. येदियुरप्पा के बगावती तेवर अपनाने से मुश्किलों का सामना कर रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए परेशानी कम नहीं हो रही है। भाजपा के लिए नई मुश्किल राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे खड़ी कर सकती हैं। आने वाले समय में राजे अपनी नई पार्टी की घोषणा कर सकती है।
एक प्रमुख दैनिक समाचार पत्र के मुताबिक राजे जो इस समय में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं, वह अपने निष्ठावान विधायकों के साथ भाजपा से अलग होने और अपनी क्षेत्रीय पार्टी बनाने के बारे में सोच रही हैं।
राजे कथित रूप से भाजपा के हाईकमान से नाराज हैं क्योंकि राज्य के प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति में पार्टी के बड़े नेताओं ने उनकी राय नहीं ली। यही नहीं पार्टी के रुख से राजे को लगता है कि अगले साल दिसम्बर में होने वाले विधानसभा चुनावों में उन्हें अपने चहेतों को टिकट दिलवाने में मुश्किल होगी।
सूत्रों की मानें तो भाजपा नेतृत्व यदि राजे की मांगें नहीं मानता और उनके कद के हिसाब से राज्य में उन्हें अधिकार नहीं देता तो वह विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले अपनी क्षेत्रीय पार्टी की घोषणा कर सकती हैं। उधर, राजे के निष्ठावान विधायक लम्बे समय से भाजपा हाईकमान पर अपनी नेता को हाशिए पर करने का आरोप लगाते आ रहे हैं।
First Published: Friday, October 19, 2012, 10:27