Last Updated: Wednesday, June 26, 2013, 08:44
ज़ी मीडिया ब्यूरोकरनाल : हरियाणा के इकलौते नारी निकेतन में मंगलवार शाम दो नाबालिग लड़कियां फंदे से लटकी मिलीं। दोनों के शव एक ही बाथरूम में पानी के पाइप पर चुनरियों से लटके मिले। उपायुक्त ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ मौके का मुआयना कर दोनों लड़कियों के परिजनों को सूचना दे दी। आज किसी समय लड़कियों के परिजनों के करनाल पहुंचने की संभावना है। परिजनों से दोनों लड़कियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
22 जून को कलायत के कमालपुर और महेंद्रगढ़ के खेड़ा गांव की किशोरी को नारी निकेतन लाया गया था। दोनों अलग-अलग कारणों से घर से भाग आई थी। प्रशासन ने जब इन्हें बरामद किया तो दोनों ने अपने घर जाने से मना कर दिया था। इस वजह से दोनों को नारी निकेतन भेजा गया। उसी दिन रात को दोनों यहां से फरार हो गईं। मंगलवार शाम 6 बजे नारी निकेतन में होने वाली नियमित गिनती के दौरान दो लड़कियां कम मिलीं। जब स्टाफ ने तलाश शुरू की तो दोनों लड़कियां नारी निकेतन के एक बाथरूम में चुनरियों से लटकी मिलीं। मरने वाली लड़कियों में एक कैथल जिले के कमालपुर गांव और दूसरी महेंद्रगढ़ जिले की रहने वाली थी।
दोनों की उम्र लगभग 17 वर्ष बताई जा रही है। ये दोनों गिनती से करीब डेढ़ घंटे पहले ही बरामदे से होते हुए बाथरुम में गई थीं। सूत्रों के अनुसार दोनों को बाथरुम में जाते हुए कुछ अन्य लड़कियों ने देखा भी था लेकिन किसी को उनके इरादों पर शक नहीं हुआ। इस घटना ने नारी निकेतन की व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अन्य घटनाओं की तरह इस बार भी हादसे के बाद डीसी-एसपी अन्य अफसरों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की खानापूर्ति की। पुलिस की एफएसएल टीम ने मौका मुआयना किया।
First Published: Wednesday, June 26, 2013, 08:44