हिमाचल के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश

हिमाचल के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश

शिमला : हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों को शनिवार को आंधी और मूसलाधार बारिश से दो-चार होना पड़ा। बारिश की वजह से तापमान में आयी गिरावट से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। अगले दो दिनों में और बारिश की संभावना है।

राजधानी शिमला में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं जिससे तापमान में कमी आयी। करीब 28 डिग्री सेल्सियस तक जा चुका अधिकतम तापमान आज घटकर 25 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जबकि न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंबा जिले के डलहौजी में 12 मिमी बारिश दर्ज की गयी जबकि चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी और बिलासपुर में मध्यम बारिश हुई। स्थानीय मौसम कार्यालय का पूर्वानुमान है कि राज्य के कुछ हिस्सों में अगले 48 घंटों के दौरान और बारिश हो सकती है।

पंजाब और हरियाणा के कई स्थानों पर बारिश होने से आज लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गयी। मौसम विभाग के एक कार्यालय के मुताबिक, चंडीगढ़ में 14.7 मिमी बारिश हुई और अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लुधियाना और पटियाला में अधिकतम तापमान क्रमश: 35.6 डिग्री सेल्सियस और 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला में 2 मिमी बारिश हुई जबकि यहां का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार और करनाल के तापमान में भी तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी। (एजेंसी)

First Published: Saturday, May 11, 2013, 22:32

comments powered by Disqus