Last Updated: Friday, October 28, 2011, 10:11
नई दिल्ली : नींद के दौरान भी शरीर में चयापचय की प्रक्रिया चलती रहती है जिसकी वजह से उर्जा इस्तेमाल होती रहती है। इसीलिए सुबह नाश्ता करना सेहत के लिए लाभदायक होता है। आहार विशेषज्ञों के अनुसार, चयापचय शरीर की अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है। दिन को हम थोड़ी थोड़ी देर के अंतराल में खाते रहते हैं, इसलिए हमें जरूरत के अनुसार, कैलोरी मिलती रहती है और वह इस्तेमाल भी होती रहती है। चयापचय की प्रक्रिया रात को भी चलती है, लेकिन तब हम नींद में होने के कारण कुछ नहीं खाते।
उन्होंने कहा कि नींद के दौरान भी चयापचय जारी रहने के कारण कैलोरी जलती है और इसकी भरपाई करने के लिए सुबह सबसे पहले नाश्ते की जरूरत होती है। चयापचय हमारे जीवन के लिए सर्वाधिक अनिवार्य प्रक्रिया है और इसमें कोई व्यवधान नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि चयापचय वास्तव में शरीर के अंदर होने वाली वह रासायनिक क्रियाएं हैं, जिनसे भोजन और अन्य पदार्थों को ऊर्जा तथा दूसरे सह उत्पादों में तब्दील किया जाता है एवं इनका इस्तेमाल शरीर में होता है।
यह वह आवश्यक प्रक्रिया है जिससे हमारा शरीर भोजन और ऊर्जा के अन्य संसाधनों का इस्तेमाल कर सक्रिय बना रहता है, नुकसान की भरपाई होती है, शरीर के विषैले तत्व दूर किए जाते हैं, पोषक तत्व शरीर द्वारा शोषित कर लिए जाते हैं और जल चक्र एवं शारीरिक गतिविधियां सामान्य बनी रहती हैं। जाहिर है कि चयापचय में व्यवधान का सीधा असर सेहत पर पड़ता है। आहार विशेषज्ञों के अनुसार, एक व्यक्ति रात को औसतन सात घंटे की नींद लेता है और इस दौरान चयापचय के कारण शरीर की लगभग 500 से 600 किलो कैलोरी जलती हैं। नया दिन शुरू होने पर फिर से इतनी कैलोरी की भरपाई करने के लिए नाश्ता जरूरी होता है।
नाश्ता ऐसा होना चाहिए, जो आपके शरीर के लिए उपयोगी कैलोरी का 25 फीसदी उपलब्ध कराए। तब ही पूरे दिन ताजगी का अहसास होगा अन्यथा सुस्ती महसूस होगी। पर्याप्त कैलोरी के लिए सुबह के नाश्ते में अंकुरित अनाज, एक गिलास दूध, उबला अंडा और ब्रेड के दो स्लाइस लेना चाहिए। दूध के साथ कॉर्नफ्लेक्स या ऐसी ही कोई हल्की-फुल्जी चीज भी ली जा सकती है।
बाल रोग विशेषज्ञों के अनुसार, 16 साल तक के बच्चों के लिए सुबह-सुबह नाश्ता बहुत जरूरी होता है। उनका शरीर इस उम्र में विकसित होता है और बढ़ते बच्चों को सुबह स्वास्थ्यप्रद नाश्ता मिले तो वह बीमारियों और कमजोरी की स्थिति से बच सकते हैं। बच्चों को सुबह के नाश्ते में टमाटर का सूप, रेशेयुक्त फल देने चाहिए। अक्सर लोग काम अधिक होने या वजन कम करने के लिए नाश्ता नहीं करते। लेकिन अध्ययन बताते हैं कि नाश्ता दिन भर का सबसे महत्वपूर्ण भोजन होता है और इसकी उपेक्षा करने से सुस्ती, चयापचय तथा वजन की समस्या से लेकर एकाग्रता न होने जैसी परेशानी हो सकती है।
First Published: Friday, October 28, 2011, 15:41