Last Updated: Tuesday, April 29, 2014, 21:18
नई दिल्ली : सरकार अल्फांसो आम तथा कुछ भारतीय सब्जियों के आयात पर पाबंदी यूरोपीय संघ (ईयू) के निर्णय के खिलाफ ईयू व्यापार आयुक्त से शिकायत करने और पाबंदी जल्द समाप्त करने की मांग करने की तैयारी कर रही है। यूरोपीय संघ ने अल्फांसों आम तथा चार सब्जियों के आयात पर एक मई से अस्थायी पाबंदी लगाने की कल घोषणा की।
एक आधिकारिक सूत्र ने प्रेट्र से कहा, यूरोपीय संघ ने एकतरफा कार्रवाई की है। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। वाणिज्य मंत्री जल्दी ही इस संदर्भ में यूरोपीय संघ व्यापार आयुक्त कार्ल डे गुख्ट को पत्र लिख सकते हैं। सूत्रों के अनुसार वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा ने आंतरिक बैठक में आज इस मुद्दे पर चर्चा की। यूरोपीय संघ ने जिन वस्तुओं के आयात पर तात्कालिक प्रतिबंध लगाया है वे अल्फांसो आम, बैंगन, अरबी, करेला और चिचिण्डा हैं।
पौध स्वास्थ्य पर यूरोपीय संघ की स्थायी समिति का हाल का यह फैसला यूरोपीय संघ में वर्ष 2013 में आयात की गयी भारतीय फलों और सब्जियों की 207 खेपों में कीटों के पाये जाने के बाद किया गया है। निर्णय में कहा गया है कि इस पाबंदी की 31 दिसंबर 2015 से पहले समीक्षा की जा सकती है। ब्रिटेन भारत से करीब 1.6 करोड़ आम का आयात करता है।
(एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 29, 2014, 21:18