Last Updated: Monday, December 30, 2013, 21:02
नई दिल्ली : वैश्विक मंदी के बीच मौजूदा उच्चस्तर पर स्टाकिस्टों द्वारा मुनाफावसूली की बिकवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में दो दिन की तेजी के बाद सोने के भाव 170 रूपये की गिरावट के साथ 29950 रूपये प्रति दस ग्राम बोले गये। वहीं लगातार चार दिन की तेजी के बाद चांदी के भाव आज 750 रूपये की गिरावट के साथ 44250 रूपये किलो रह गये। बाजार सूत्रों के अनुसार विदेशों में कमजोर रूख के बीच स्टाकिस्टों द्वारा मौजूदा उच्चसतर पर मुनाफावसूली की बिकवाली के चलते सोने में गिरावट आई।
सिंगापुर में सोने के भाव 0.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1206.81 डालर और चांदी के भाव 1.5 प्रतिशत टूट कर 19.78 डालर प्रति औंस रहे। घरेलू बाजार में सोना 99.9 और 99.5 शुद्ध के भाव 170 रूपये की हानि के साथ क्रमश: 29950 रूपये और 29750 रूपये प्रति दस ग्राम बंद हुए। गिन्नी के भाव पूर्वस्तर 25100 रूपये प्रति आठ ग्राम अपरिवर्तित बंद हुए। चांदी तैयार के भाव 750 रूपये की गिरावट के साथ 44250 रूपये और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 600 रूपये टूट कर 44550 रूपये किलो बंद हुए। चांदी सिक्का के भाव 1000 रूपये की गिरावट के साथ 84000:85000 रूपये प्रति सैकडा बंद हुए। (एजेंसी)
First Published: Monday, December 30, 2013, 21:02