क्रिसमस पर सोने-चांदी में तेजी, सोना 30175 रुपए/ 10 ग्राम

क्रिसमस पर सोने-चांदी में तेजी, सोना 30175 रुपए/ 10 ग्राम

नई दिल्ली : मजबूत वैश्विक रख के बीच क्रिसमस पर मांग कुछ बढ जाने से राष्ट्रीय राजधानी में आज सोना कीमतों में दो दिनों की गिरावट थम गई और इसकी कीमत 125 रुपए की तेजी के साथ 30,175 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई।
औद्योगिक इकाइयों की उठान बढ़ने से चांदी भी 140 रुपए की तेजी के साथ 43,690 रुपए प्रति किग्रा पर पहुंच गई। बाजार सूत्रों ने कहा कि क्रिसमस की मांग के अलावा हाजिर बाजार में लिवाली के सुधार के अनुमान से भी चांदी के प्रति धारणा मजबूत हुई।

घरेलू मोर्चे पर कीमतों का रख तय करने वाले न्यूयार्क में सोने की कीमत 0.5 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,203.30 डालर प्रति औंस और चांदी की कीमत 0.4 प्रतिशत की तेजी के साथ 19.48 डालर प्रति औंस हो गई। घरेलू बाजार में सोना 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता की कीमत 125.125 रुपए के सुधार के साथ क्रमश: 30,175 रुपए और 29,975 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। विगत दो दिनों के कारोबार में इसमें 350 रुपए की गिरावट आई थी। गिन्नी की कीमत 25,100 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर रही।

चांदी तैयार 140 रुपए की तेजी के साथ 43,690 रुपए प्रति किग्रा और साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत 250 रुपए की तेजी के साथ 43,990 रुपए प्रति किग्रा हो गई। विगत दो सत्रों में चांदी में 400 रुपए प्रति किग्रा की गिरावट आई थी। चांदी सिक्कों की कीमत लिवाल 84,000 रुपए और बिकवाल 85,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर बनी रहीं। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, December 25, 2013, 20:50

comments powered by Disqus