सोना, चांदी के शुल्क मूल्य में कटौती

सोना, चांदी के शुल्क मूल्य में कटौती

नई दिल्ली : वैश्विक सर्राफा बाजार में नरमी के संकेतों के बीच भारत ने सोने चांदी के शुल्क मूल्य घटा कर क्रमश: 422 डॉलर प्रति 10 ग्राम और 632 डॉलर प्रति किग्रा कर दिये हैं। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गयी है। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े तक आयातित सोने पर शुल्क मूल्य 431 डॉलर प्रति 10 ग्राम और चांदी पर 646 डॉलर प्रति किग्रा था।

शुल्क मूल्य, वह न्यूनतम मूल्य होता है जिस पर आयात शुल्क की गणना की जाती है ताकि कोई कम आयात मूल्य दिखा कर शुल्क चोरी न कर सके। वैश्विक कीमतों के उतार चढ़ाव को देखते हुए हर पखवाड़े इसकी समीक्षा की जाती है। सरकारी बयान में कहा गया कि आयातित सोना और चांदी पर मूल्य में कटौती को केन्द्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड द्वारा अधिसूचित किया गया है।

सिंगापुर में सोने की कीमत लगातार चौथे दिन 0.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,288 डॉलर प्रति औंस पर आ गयी। राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 30,585 रपये प्रति 10 ग्राम चल रही थी।

सरकार की सख्ती के कारण देश का कुल स्वर्ण और चांदी आयात वर्ष 2013.14 में 40 प्रतिशत घटकर 33.46 अरब डॉलर रह गया जो पूर्व वर्ष में 55.79 अरब डॉलर था। पेट्रोलियम के बाद देश में आयात होने वाला दूसरी सबसे बड़ी सामग्री है।

सरकार ने अधिक चालू खाता घाटे को कम करने के लिए सोने के आयात पर अंकुश के लिए सरकार ने कई उपाय किये हैं। सोने का आयात शुल्क बढ़ाकर 10 प्रतिशत कर दिया गया है तथा व्यापारियों के लिए आयातित सोने के 20 प्रतिशत भाग का निर्यात करना अनिवार्य है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय रत्न एवं आभूषणों के निर्यात को बढ़ाने पर स्वर्ण आयात रकावटों में ढील देने की मांग कर रहा है। इसका निर्यात वर्ष 2013.14 में 8.82 प्रतिशत घटकर 39.52 अरब डॉलर रह गया। (एजेंसी)

First Published: Thursday, May 1, 2014, 16:51

comments powered by Disqus