Last Updated: Thursday, January 16, 2014, 17:10

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज कहा कि दक्षिण कोरिया की कंपनी पॉस्को की ओडिशा में वर्षों से 12 अरब डालर की इस्पात परियोजना पर काम कुछ ही सप्ताह में शुरू हो जाएगा। सिंह ने कहा कि दक्षिण कोरियाई कंपनी को खनन अधिकार देने की कार्रवाई भी काफी आगे बढ़ चुकी है।
सिंह ने भारत यात्रा पर आयीं दक्षिण कोरिया की राष्ट्रपति पार्क ग्यून ह्ये के साथ यहां विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा के बाद यह घोषणा की। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि पॉस्को की ओड़िशा में विशाल इस्पात परियोजना पर काम आगामी कुछ सप्ताह में शुरू हो जाएगा। परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी मिल चुकी है। परियोजना के लिए खनन अधिकार देने की प्रक्रिया भी काफी आगे बढ़ चुकी है।’
पॉस्को की यह परियोजना भारत में सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) है। इस परियोजना की घोषणा 2005 में की गई थी। शुरुआत से ही यह विवादों में घिरी रही है और इसके लिए भूमि अधिग्रहण और विभिन्न मंजूरियों में देरी की वजह से लटकी हुई है।
पिछले सप्ताह सरकार ने इस इस्पात परियोजना को कुछ शर्तों के साथ पर्यावरणीय मंजूरी दी। इसके साथ ही इस प्रकार की स्वीकृति के लिए पॉस्को का 8 साल का इंतजार समाप्त हो गया है। शर्तों के तहत पॉस्को को अपने कुल निवेश का 5 प्रतिशत यानी 60 करोड़ डालर उपक्रम सामाजिक प्रतिबद्धताओं का पूरा करने पर खर्च करना होगा। (एजेंसी)
First Published: Thursday, January 16, 2014, 17:10