Last Updated: Sunday, April 27, 2014, 17:06

टैम्पा बे (अमेरिका) : फरहान अख्तर अभिनीत ‘भाग मिल्खा भाग’ ने अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (आईफा) पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक सहित पांच पुरस्कार अपने नाम किए। दीपिका पादुकोण (28) को ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। उन्हें इस श्रेणी में तीन फिल्मों में लिए नामांकित किया गया था।
अख्तर (40) ने इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार अपने नाम किया।
दीपिका पादुकोण (28) को ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। उन्हें इस श्रेणी में तीन फिल्मों में लिए नामांकित किया गया था।
पूर्व धावक मिल्खा सिंह भी पुरस्कार समारोह में उपस्थित थे। राकेश ओमप्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ उनके जीवन पर आधारित है।
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिलने के बाद मेहरा ने मिल्खा सिंह का धन्यवाद किया और कहा, ‘‘मैं इसका हकदार नहीं हूं।’’ मिल्खा सिंह ने कहा, ‘‘मुझे यहां लाने और सम्मान देने के लिए मैं आईफा का धन्यवाद करता हूं। मैं जिंदगी में तीन चार बार रोया हूं। जबकभी मैंने फिल्म देखी तो रोया। जब मैं यहां बैठा था तो फिल्म को मिले प्यार और पहचान को देखकर मेरी आंखों में आंसू थे।’’ ‘भाग मिल्खा भाग’ ने सर्वश्रेष्ठ कहानी की श्रेणी में पुरस्कार जीता। इसके अलावा फिल्म की अभिनेत्री दिव्या दत्ता को सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। फिल्म में उन्होंने मिल्खा की बहन का किरदार निभाया है।
दीपिका पादुकोण को ‘राम लीला’ में उनके साथ काम कर चुके रणवीर सिंह ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया। इस मौके पर दीपिका ने कहा, ‘‘2013 मेरे लिए सौभाग्यशाली साल रहा और मेरा मानना है कि मैंने साबित किया है कि 13 दुर्भाग्यशाली संख्या नहीं है। मैं अपने माता-पिता का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझे अपने ख्वाब को पूरा करने की इजाजत दी। मैंने 18 साल की उम्र में एक सूटकेस के साथ घर छोड़ा था। मुझे लगता है कि अभी बहुत लंबा सफर तय करना है, लेकिन महसूस करती हूं कि मैं सही रास्ते पर हूं।’’ दीपिका को सर्वश्रेष्ठ इंटरटेनर का पुरस्कार भी मिला। शत्रुघ्न सिन्हा को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया।
हॉलीवुड के कलाकार जॉन ट्रावोल्टा को ‘भारत में सर्वाधिक लोकप्रिय सदाबहार अंतरराष्ट्रीय सितारे’ का पुरस्कार दिया गया। दिग्गज कलाकार ऋषि कपूर को फिल्म ‘डी डे’ के लिए सर्वश्रेष्ठ खलनायक का पुरस्कार मिला। अभिनेता आदित्य रॉय कपूर ने फिल्म ‘ये जवानी है दिवानी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार जीता।
अरशद वारसी को ‘जॉली एलएलबी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ हास्य कलाकार का पुरस्कार दिया गया। संगीत की श्रेणी में ‘आशिकी 2’ ने सभी पुरस्कार अपने नाम किए। फिल्म को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन (मिथुन, अंकित तिवारी, जीत गांगुली), सर्वश्रेष्ठ गीत (तुम ही हो-मिथुन), सर्वश्रेष्ठ गायक (अरजीत सिंह-तुम ही हो) और सर्वश्रेष्ठ गायिका श्रेया घोषाल (सुन रहा है) के रूप में कामयाबी मिली। (एजेंसी)
First Published: Sunday, April 27, 2014, 17:05