Last Updated: Friday, May 23, 2014, 19:10
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : तमिल सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कोचडयान’ शुक्रवार को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। इस फिल्म ने अभिनेता को भारतीय सिनेमा के ऐसे अभिनेताओं में शुमार कर दिया है जो फिल्म निर्माण के विभिन्न स्वरूपों में दिखे हैं।
दर्शक जो एक 3डी कंप्यूटर एनिमेटेड फिल्म से उम्मीद करते हैं, यह फिल्म उस पर खरा उतरती है। करीब दो घंटे की यह अपने तकनीक से दर्शकों को हैरत में डालने के साथ-साथ रोमांच पैदा करती है। बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन की आवाज फिल्म के कथानक को उसकी गहराई में ले जाती है। अमिताभ की भारी-भरकम आवाज कथानक के अनुरूप है।
फिल्म की कहानी में नयापन नहीं है। फिल्म ऐसे नायक के बार में है जो काफी ताकतवर है लेकिन वह बुरे इरादों वाले लोगों के दबाव में आकर उनसे हार जाता है। फिल्म की कहानी में मोड़ नायक के पुत्र के आगमन के साथ आता है। `हीरो` का लड़का उसी के जैसा दिखता है। `हीरो` का पुत्र अपने खास अंदाज में दुश्मनों से लड़ता है। कुल मिलाकर यही फिल्म की कहानी है।
‘कोचडयान’ एक ताकतवर शासक है जो अपने राज्य के लोगों से काफी प्रेम करता है। ‘कोचडयान’ अपनी जनता की रक्षा के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार रहता है। बदले में प्रजा उससे काफी प्यार करती है और उसके आदेश का पालन करने के लिए हमेशा तैयार रहती है।
जवान से लेकर बूढ़े तक सभी रजनीकांत का नया अवतार देखना शानदार है। यह फिल्म तमिल, तेलुगू, हिंदी, अंग्रेजी, पंजाबी और भोजपुरी सहित कई भाषाओं में दुनियाभर के लगभग 2,000 सिनेमाघरों में रिलीज हुई है।
यह पहली ऐसी भारतीय फिल्म है जिसे मोशन पिक्चर्स तकनीक के जरिए फिल्माया गया है। फिल्म में दीपिका पादुकोण, जैकी श्रॉफ, आर शरद कुमार और अन्य कलाकार हैं। रजनीकांत की बेटी सौंदर्या की फिल्म में दो बार ऑस्कर पुरस्कार जीत चुके ए आर रहमान ने संगीत दिया है।
First Published: Friday, May 23, 2014, 19:10