Last Updated: Thursday, April 17, 2014, 14:30
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : बॉलीवुड के बादशाह खान यानी शाहरुख खान ने क्रिकेटर विराट कोहली से उनकी दिल की बात उगलवा दी है। विराट ने अनुष्का नाम तो नहीं लिया लेकिन जिस तरह से वह शर्माए उससे साफ लगा कि उनके दिल में अनुष्का के लिए खास जगह है और वही उनके दिल की रानी है। मौका था आईपीएल 7 के उद्घाटन समारोह का। इस मौके पर शाहरुख खान और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण खिलाड़ियों और लोगों का मनोरंजन करने के लिए आए थे। समारोह के दौरान शाहरुख खान ने विराट का स्वयंवर रचा दिया।
मंच पर मौजूद शाहरुख ने विराट कोहली को स्टेज पर बुलाया और घोषणा की कि आज दुनिया के सबसे बेहतरीन क्रिकेटर का स्वयंवर रचाया जाएगा। पहले तो शाहरुख ने विराट से पूछा कि शादी के लिए उन्हें किस तरह की लड़की पसंद है। विराट ने जवाब दिया कि उसके बाल घने होने चाहिए, वह मां बाप की सेवा करने वाली होनी चाहिए। लेकिन विराट ने किसी का नाम नहीं लिया।
शाहरुख ने इसके बाद मंच पर तकरीबन एक दर्जन लड़कियों को बुलाया, सभी के हाथ में अलग-अलग तस्वीरें थीं। तस्वीरों में मौजूद ही किसी लड़की से स्वयंवर होने की बात कही। हंसी-मजाक में शाहरुख ने विराट को कुछ फोटो भी दिखाए। अंत में उन्होंने एक फोटो निकाला, जिसे देखकर विराट भी शर्मा गए। वह फोटो ऐक्ट्रेस अनुष्का शर्मा का था। फोटो देखते ही विराट की बोलती बंद हो गई, लेकिन वहां मौजूद सभी लोगों ने इसका खूब मजा लिया।
First Published: Thursday, April 17, 2014, 12:38