Last Updated: Sunday, January 26, 2014, 16:11

नई दिल्ली : पूरे देश में आज 65वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। राष्ट्रीय राजधानी के विजय चौक से ऐतिहासिक लालकिले तक दोनों ओर उत्साही जनता के विशाल हुजूम के बीच आधुनिक युग की विभिन्न क्षेत्रों की देश की उपलब्धियों और देश की सुरक्षा की गारंटी देने वाली फौज की क्षमता का आज भव्य प्रदर्शन हुआ।
राष्ट्रपति भवन के समीप से रायसीना हिल्स की ओट से परेड की अगुवाई करने वाली सेना की पहली टुकड़ी की झलक पाते ही विजय चौक से राजपथ तक, लोगों की करतल ध्वनियों से गूंज गया। परेड का नेतृत्व दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रतो मित्रा ने किया। दिल्ली क्षेत्र के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल राजवीर सिंह सैकंड-इन-कमांड रहे।
इस साल की परेड में भारत के पहले स्वेदश विकसित हल्के लड़ाकू विमान तेजस का प्रदर्शन आकषर्ण का केंद्र रहा। डीआरडीओ द्वारा तैयार इस विमान को भारत की वायु रक्षा तैयारियों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे इस बार के गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि थे।
पंजाब और हरियाणा में भी गणतंत्र दिवस की धूम रही। दोनों राज्यों में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच तिरंगा फहराया गया और रंगारंग परेड हुए। दोनों राज्यों के कई जिलों एवं संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी और स्कूली बच्चों का दल परेड में शामिल हुए। पंजाब के राज्यपाल शिवराज पाटिल और हरियाणा के राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया ने क्रमश: पटियाला और गुड़गांव में झंडा फराया जबकि पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने लुधियाना और हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने नूह में झंडे को सलामी दी। चंडीगढ़ में प्रशासक के सलाहकार केके शर्मा ने तिरंगा फहराया और झंडे को सलामी दी।
बिहार की राजधानी पटना में 65वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक गांधी मैदान में तिरंगा फहराने के बाद अपने संबोधन में राज्यपाल डीवाई पाटिल ने भ्रष्टाचार को देश एवं राज्य की प्रगति की सबसे बड़ी बाधा बताते हुए कहा कि इसे जड़ से खत्म करने के लिए राज्य सरकार ने कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनायी है। उन्होंने कहा कि निगरानी विभाग, निगरानी विशेष कोषांग एवं आर्थिक अपराध इकाई द्वारा भ्रष्ट लोक सेवकों के विरुद्ध प्रभावकारी मुहिम जारी है।
वहीं मध्यप्रदेश में राज्यपाल रामनरेश यादव ने भोपाल के लाल परेड मैदान पर आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर पुलिस, एसएएफ, होमगार्ड, सीआईएसएफ, एनसीसी और आरएएफ की मिलीजुली परेड की सलामी लेने के बाद कहा, मध्यप्रदेश में हमने गण और तंत्र के रिश्तों को मजबूत बनाया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश अब बीमारू नहीं रहा और इस बदलाव में कुशल वित्तीय प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मिजोरम में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राज्यपाल वक्कोम पुरूषोत्तम ने आज कहा कि राज्य सरकार की फ्लैगशिप ‘नयी भूमि उपयोग नीति’ ने राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद की है और इसकी वजह से 11वीं पंचवर्षीय योजना के दौरान जीएसडीपी विकास दर 11 प्रतिशत रहा। राज्यपाल ने यहां के असम रायफल्स मैदान में तिरंगा फहराने के बाद अपने संबोधन में कहा कि राज्य की आर्थिक वृद्धि दर, राष्ट्रीय दर से अधिक 7.8 प्रतिशत दर्ज की गयी।
वहीं तमिलनाडु में परंपरागत धूमधाम और उल्लास के साथ 65वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। प्रसिद्ध मरीना बीच से सटे मैदान में राज्यपाल के रोसैया ने तिरंगा फहराया और मुख्यमंत्री जयललिता ने पुलिस कर्मियां और नागरिकों को वाषिर्क पुरस्कार दिए। रोसैया ने तिरंगा लहराया और सशस्त्र सेनाओं, राज्य पुलिस शाखा और स्काउट एंड गाइड के सदस्यों के मार्च पास्ट के बीच झंडे को सलामी दी।
अंडमान निकोबार में गणतंत्र दिवस समारोह में उपराज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) ए के सिंह ने झंडा फहराने के बाद लोगों से सरकार के विकास कार्यक्रमों में हिस्सा लेने की अपील की। सिंह ने केंद्र शासित क्षेत्र की जनता को शुभकामनाएं देते हुए खुद को स्वतंत्रता, एकता और एकजुटता के लिए समर्पित करने की अपील की।
त्रिपुरा के राज्यपाल देवानंद कुंवर ने असम रायफल्स मैदान में तिरंगा फहराते हुए आज कहा कि राज्य ने अच्छे शासन का उदाहरण पेश किया है और लोकतंत्र का मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राज्य को एक प्रकाशन समूह ने इस साल देश में सबसे अच्छे प्रशासन का पुरस्कार दिया। यह प्रकाशन समूह निष्पक्ष है और उसके कोई राजनीतिक हित नहीं हैं। राज्य के लोगों ने पिछले विधानसभा चुनावों में 93.5 प्रतिशत मतदान किया जिससे यहां लोकतंत्र की जड़ें मजबूत होने का पता चलता है।
पुडुचेरी के उपराज्यपाल वीरेंद्र कटारिया ने तिरंगा फहराने के बाद कई पुलिस कर्मियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस मेडल प्रदान किए। कटारिया को पुडुचेरी सशस्त्र पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि पुडुचेरी ने पर्यावरण के अनुकूल औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित किया।
वहीं इटानगर में राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए अरूणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) निर्भय शर्मा ने लोगों से राज्य से भ्रष्टाचार एवं आपराधिक गतिविधियों को जड़ से खत्म करने की अपील की। राज्य की जनता के समक्ष अपने पहले संबोधन में राज्यपाल ने युवाओं और उनके गुरूओं से अपील की कि वह युवाओं की उर्जा को विघटन की तरफ ना मुड़ने दे। उन्होंने कहा, एक परिपक्व लोकतंत्र का असली सार चर्चा, बहस और मतभेदों के माध्यम से है ना कि व्यवधान है।
वहीं, पश्चिम बंगाल में भी तिरंगा झंडा फहराने के साथ गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। राज्यपाल एमके नारायणन की मौजदूगी में कोलकाता में सैन्य और पुलिस बलों ने मार्च पास्ट किया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी इस दौरान मौजूद थीं। इस समारोह में परेड और रंगबिरंगी झांकियों ने राज्य की विविधतापूर्ण संस्कृति की तस्वीर पेश की।
असम में 65वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राज्यपाल जानकी बल्लव पटनायक ने गुवाहाटी में राष्ट्रीय झंडा फहराने के बाद भूमिगत उग्रवादी संगठनों से हिंसा छोड़कर राज्य के पूर्ण विकास के लिए मुददों को सुलझाने के लिए वार्ता की मेज पर आने को कहा। पटनायक ने राज्य के कई जिलों में हिंसा की हालिया घटनाओं की भी निंदा की और कहा कि अपराधियों को सजा दी जाएगी।
गोवा के राज्यपाल बीवी वांगचू के आज के गणतंत्र दिवस के भाषण में भ्रष्टाचार और कानाकोना में इमारत के ढहने की घटना शामिल रही। राज्यपाल ने अपने संबोधन में 4 जनवरी को कानाकोना शहर में एक पांच मंजिला इमारत के गिरने की घटना की चर्चा की जिसमें 30 से अधिक लोग मारे गए। राज्यपाल ने परेड का मुआयना करने के बाद अपने पारंपरिक भाषण में कहा, आज खुशी का दिन है। लेकिन इस खुशी के अवसर पर मेरी संवेदनाएं अपने उन नागरिकों के साथ हैं जिन्होंने कानकोना में हुई त्रासदीपूर्ण घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया।
वहीं केरल में राज्यपाल निखिल कुमार ने गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सरकार से राज्य के आर्थिक विकास के लिए पीपीपी मॉडल की संभावनाएं तलाशने के लिए कहा। उन्होंने झंडा फहराने और गॉर्ड ऑफ ऑनर लेने के बाद कहा, राज्य के समेकित विकास के लिए कुछ चयनित परियोजनाओं के निष्पादन में सार्वजनिक निजी सहभागिता की व्यवहारिकता की जांच करना उपयोगी होगा। यह वर्तमान में एक लोकप्रिय मॉडल है।
जयपुर में गणतंत्र दिवस समारोह में राजस्थान की राज्यपाल मारग्रेट अल्वा ने 18 पुलिस अधिकारियों और अन्य कर्मियों को सम्मानित किया। पुलिस अधिकारियों को पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया और आठ अन्य सरकारी कर्मचारियों को प्रमाणपत्र दिए गए। पुरस्कार वितरण समारोह के बाद 1000 से अधिक स्कूली छात्रों और 150 लोककलाकारों ने रंगारंग नृत्य प्रदर्शन कर समा बांध दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी मौजूद थीं।
कर्नाटक के राज्यपाल हंसराज भारद्वाज ने गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा झंडा फहराने के बाद लोक सेवाओं के असरदार संचालन पर जोर दिया ताकि लोकतांत्रिक शासन में जनता की विश्वास फिर से पैदा हो। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, सार्वजनिक जीवन में निष्ठा की कमी और लोक सेवाएं प्रदान करने में नाकामी के खिलाफ जनता के रोष को देश में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि लोक सेवाओं के बेहतर संचालन से लोगों के जीवन में बड़ा अंतर लाना लोकतांत्रिक शासन में जनता के विश्वास को फिर से पैदा करने के लिए समय की मांग है। मेघालय में कड़ी सुरक्षा के बीच हजारों लोगों ने उग्रवादियों द्वारा आहूत बंद को खारिज करते हुए गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लिया। राज्यपाल केके पाल ने शिलांग में झंडा फहराने के बाद गारो पर्वतीय क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों के बढने और इनर लाइन परमिट को लागू करने की मांग को लेकर दबाव बना रहे संगठनों के चार महीने से जारी आंदोलन पर चिंता जताई।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हा ने हैदराबाद में गणतंत्र दिवस के मौके पर अपने भाषण में कहा कि विशाखापत्तनम में सूचना प्रौद्योगिकी निवेश क्षेत्र (आईटीआईआर) की परियोजना पर काम जल्द ही शुरू होगा और इस परियोजना को तेज रफ्तार से मंजूरी दी जाएगी। केन्द्र ने हाल में हैदराबाद को आईटीआईआर के तौर पर अधिसूचित किया था जिसके करीब 202 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में विकसित होने की संभावना है। पूरी होने पर यह परियोजना एक अनुमान के अनुसार करीब 3.11 लाख करोड़ रूपये का राजस्व पैदा करेगी और करीब 15 लाख पेशेवरों को सीधे तौर पर रोजगार देगी और करीब 50 लाख लोगों को परोक्ष रूप से फायदा पहुंचाएगी।
ओडिशा में माओवादियों द्वारा बहिष्कार के आह्वान को देखते हुए गणतंत्र दिवस कड़ी सुरक्षा के बीच पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। राज्यपाल एससी जमीर ने भुवनेश्वर में महात्मा गांधी मार्ग पर आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जबकि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कटक के ऐतिहासिक बाराबती स्टेडियम में तिरंगा फहराया। पटनायक ने अपने भाषण में जनता से प्रतिबद्धता के साथ काम करने के लिए ताकि देश और राज्य का शीघ्र गति से विकास सुनिश्चित हो। माओवादियों के बहिष्कार के आह्वान के बाद माओवादी प्रभावित मल्कानगिरि, कोरापुट, रायगडा, कंधमाल, गजापति और नुआपाड़ा जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही और राज्य से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गणतंत्र दिवस के मौके पर कहा कि राज्य सरकार राज्य का विकास इस तरीके से करने की योजना बना रही है कि यह डर, भूख, भ्रष्टाचार, चरमपंथ और आतंकवाद से मुक्त हो सके। तिरंगा झंडा फहराने के बाद अपनी सरकार की उपलब्धियां और प्राथमिकताएं गिनाते हुए उन्होंने कहा कि चार लाख युवाओं को कई तरह की नौकरियों के योग्य बनाने के लिए उन्हें कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 26, 2014, 13:42