Last Updated: Wednesday, December 11, 2013, 23:57
ज़ी मीडिया ब्यूरो नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में विधानसभा चुनावों में प्रभावशाली शुरुआत करने के बाद आज आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि वह लोकसभा चुनाव लड़ेगी। इसके साथ ही पार्टी ने ये संकेत भी दिए हैं कि उसके नेताओं में से एक कुमार विश्वास राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।
दिल्ली में मिली अप्रत्याशित जीत और शानदार सफलता के बाद आप के नेता अरविंद केजरीवाल बुधवार शाम अपने साथियों, स्वयंसेवकों और समर्थकों के साथ जंतर मंतर पर पहुंचे।
केजरीवाल ने वहां उपस्थित भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि हम यहां दिल्ली चुनाव में मिली जीत पर समर्थकों और जनता का धन्यवाद ज्ञापन करने आए हैं। उन्होंने पार्टी की भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की। केजरीवाल ने कहा कि आप की जीत देश की जनता की जीत है और हम लोगों को इस जीत के लिए धन्यवाद देते हैं। हम कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करने के लिए यहां एकत्रित हुए हैं पर जीत की खुशी में घमंड न होनी चाहिए। जब तक भ्रष्टाचार खत्म नहीं होता हम जीत का जश्न नहीं मनाएंगे।
‘आप’ के संयोजक केजरीवाल ने सभी क्षेत्रों और कांग्रेस व भाजपा समेत सभी राजनैतिक दलों में मौजूद ‘ईमानदार’ लोगों से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ इस लड़ाई के लिए पार्टी में शामिल हों। उन्होंने लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंकते हुए कहा कि देश और समाज की बेहतरी के लिए अब लोकसभा चुनाव भी लड़ना है। साथ ही, देश के सारे अच्छे लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया।
दिल्ली विधानसभा चुनावों में 28 सीटें जीतकर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद इस सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि उनकी पार्टी कितने राज्यों में और कितनी सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। केजरीवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए उन्हें और ज्यादा फंड की जरूरत होगी। इसके लिए उन्होंने लोगों से उदारता से चंदा देने की अपील की।
केजरीवाल ने कहा कि यह लड़ाई (विधानसभा चुनाव) आपके चंदे के बिना नहीं लड़ा जा सकता था। अब हम लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और आपसे अनुरोध है कि आप उदारतापूर्वक चंदा दें। दिल्ली विधानसभा चुनावों में पटपड़गंज निर्वाचन क्षेत्र से जीतने वाले मनीष सिसोदिया ने कहा कि पार्टी के सदस्य कुमार विश्वास राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। आप नेता ने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी दोनों भ्रष्टाचार और दंगों में लिप्त हैं। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या 2014 में बिना जोड़ तोड के बीजेपी सरकार बना पाएगी।
केजरीवाल ने कहा कि भाजपा और कांगेस मिल कर सरकार बना ले क्योंकि दोनों को मिलाकर दिल्ली विधानसभा में बहुमत है। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के दो पहलू हैं। दोनों को सीटें मिली हैं और वे संयुक्त रूप से सरकार बना लें। उन्होंने कहा कि 31 विधायक होने के बावजूद यदि भाजपा सरकार बनाने में विफल रहती है तो यह विफलता मानी जाएगी और लोग आगे फिर उसका समर्थन नहीं करेंगे।
इससे पहले आप के प्रवक्ता मनीष सिसौदिया ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस या भाजपा के किसी भी बड़े नेता का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो हम अपने सदस्य कुमार विश्वास को लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के खिलाफ खड़ा करने से संकोच नहीं करेंगे। केजरीवाल ने अपने भाषण में कारोबारियों, उद्यमियों, सामाजिक संगठनों और उद्योगपतियों का आह्वान किया कि बड़ी संख्या में आप में शामिल हों क्योंकि पार्टी अकेले पूरे देश में गड़बड़ी को सुधार नहीं सकती। देश को अच्छे लोगों की जरूरत है। केजरीवाल ने इस बात का उल्लेख तो नहीं किया कि आप कितनी सीटों पर उम्मीदवारों को उतारेगी लेकिन उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि पार्टी को दिल्ली विधानसभा के लिए पुन: संभावित चुनाव और 2014 में होने वाले आम चुनावों को लड़ने के लिए ज्यादा धन की जरूरत होगी इसलिए खुले दिन से दान दें।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई बिना आपके दान के नहीं लड़ी जा सकती। हम अब लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और आप से खुले दिल से चंदा देने की अपील करते हैं। इसके लिए हम ऑनलाइन चंदे के लिए वेबसाइट खोलेंगे।
केजरीवाल ने आज यह घोषणा भी कि वे गुरुवार को अन्ना से मिलने रालेगण सिद्धि जाएंगे, लेकिन अन्ना के मंच पर नहीं जाएंगे। वे वहां लोगों के बीच बैठेंगे और उनके साथ कुमार विश्वास भी जाएंगे।
First Published: Wednesday, December 11, 2013, 19:32