Last Updated: Sunday, April 6, 2014, 11:58
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने कुमार विश्वास को राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने की मांग करने वाले कार्यकर्ताओं के नेता अश्विनी उपाध्याय को पार्टी से बर्खास्त कर दिया है। उपाध्याय का दावा था कि दिल्ली के कार्यकर्ता नाराज हैं और वे नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर रहे हैं। उपाध्याय ने यह भी कहा था कि रविवार को जंतर मंतर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के कुछ सदस्य भी शामिल होंगे और मांग उठाएंगें कि अरविंद केजरीवाल राष्ट्रीय संयोजक का पद छोड़ दें।
हालांकि, जब उपाध्याय से इस मामले पर सफाई मांगी गई तो उन्होंने कहा कि अभी पार्टी आलाकमान की तरफ से उन्हें बाहर किए जाने संबंधी कोई नोटिस नहीं मिला है। बकौल उपाध्याय, `आम आदमी पार्टी जिन बुराइयों के विरोध को लेकर बनी थी, अब वही बुराइयां पार्टी के भीतर से भी आ रही हैं। इसको लेकर पार्टी के कार्यकर्ता नाराज हैं और वे मांग कर रहे हैं कि केजरीवाल के बजाय कुमार विश्वास को पार्टी का संयोजक बनाया जाए।`
दूसरी तरफ, कुमार विश्वास ने ट्वीट कर इस मसले पर अपना रुख साफ करते हुए कहा, `नेता होने के अलावा अरविंद मेरे भाई भी हैं। जो लोग हमारे बीच फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं, शायद वे हमारे मजबूत संबंधों से अनजान हैं।`
First Published: Sunday, April 6, 2014, 11:58