चक्रवात के बाद बाढ़ की चपेट में आया ओडिशा

चक्रवात के बाद बाढ़ की चपेट में आया ओडिशा

चक्रवात के बाद बाढ़ की चपेट में आया ओडिशाभुवनेश्वर : चक्रवात फैलिन के कारण हो रही भारी बारिश से ओडिशा के पांच जिलों की मुख्य नदियों में बाढ़ आ गयी है। इन दोनों प्राकृतिक आपदाओं से सबसे ज्यादा ढाई लाख लोग बालेश्वर जिले में प्रभावित हुए हैं। राज्य में अभी तक इन दोनों आपदाओं से 1 . 2 करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं जबकि मरने वालों की संख्या 25 पहुंच गई है।

ओडिशा राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री एसएन पात्र ने कहा कि मयूरभंज और भद्रक जिलों में और चार लोगों के मरने के साथ ही घटनाओं में मरने वालों की संख्या 25 पहुंच गई है। 21 लोगों की जान लेने वाला चक्रवात भले ही चला गया हो लेकिन यहां लगातार भारी वष्रा हो रही है।

पात्र ने बताया कि सुबर्णरेखा, बुढ़ाबलांग, बैतरणी और जलाका नदियों में जलस्तर बढ़ने के कारण बालेश्वर के अलावा चार जिले मयूरभंज, भद्रक, जाजपुर और क्योंझार भी प्रभावित हुए हैं।

विशेष राहत आयुक्त पीके महापात्र ने कहा कि चक्रवात और उसके कारण आयी बाढ़ के दोहरे प्राकृतिक आपदा से 1 . 2 करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं और राज्य में 10 . 13 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।

महापात्र ने कहा कि सेना, नौसेना ओर भारतीय वायुसेना के अलावा एनडीआरएफ और ओडीआरएएफ को राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान के लिए तैनात किया गया है जबकि बालेश्वर में भोजन के पैकेट हेलीकॉप्टर से गिराए जा रहे हैं। जिले में बाढ़ से 7. 1 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

बालेश्वर में राहत कार्यों की निगरानी के लिए वहां मौजूद राजस्व डिविजनल आयुक्त (मध्य) अरविन्द पधी ने कहा कि जिले के 12 प्रखंडों के 930 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं।

महापात्र ने बताया कि बालेश्वर में बाढ़ की स्थिति ‘गंभीर’ है। बुढाबलांग नदी के कारण रेमुना, बलेश्वर सदर, जालेश्वर और भोगराई प्रखंडों में पानी भर गया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री पात्र ने बताया कि बुढाबलांग नदी ने बालेश्वर के चार प्रखंडों को जलमग्न करने के साथ ही साथ पड़ोस के मयूरभंज जिले के 10 प्रखंडों को भी जलमग्न कर दिया।

उन्होंने बताया कि मयूरभंज का जिला मुख्यालय शहर बारिपदा के अतिरिक्त बेतांती और बादशाही प्रखंड भी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि जाजपुर जिले के कोरेइ, जाजपुर और दशरथपुर प्रखंड में बैतरणी नदी का बाढ़ का पानी घुस गया है।

पात्र ने बताया कि बारिपदा शहर से बाढ़ के पानी का प्रकोप घटा है। उधर बैतरणी नदी में पानी के स्तर में भी गिरावट दर्ज की गई है। इससे जाजपुर जिले को बाढ़ के कहर से कुछ राहत मिलेगी। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 14, 2013, 23:44

comments powered by Disqus