`अराजक` केजरीवाल का धरना जारी, पीएम से मिले शिंदे

`अराजक` केजरीवाल का धरना जारी, पीएम से मिले शिंदे

`अराजक` केजरीवाल का धरना जारी, पीएम से मिले शिंदेज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस के तीन अधिकारियों को निलंबित करने की मांग पर रेल भवन के पास मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का धरना जारी है। केजरीवाल ने 10 दिनों तक धऱना जारी रखना का ऐलान किया है। केजरीवाल के साथ उनके मंत्री और `आप` पार्टी के समर्थक भारी संख्या मौजूद हैं। सोमवार सुबह से रेल भवन के पास धरना शुरू किए जाने से राजधानीवासियों को जगह-जगह जाम की समस्या से जूझना पड़ा तो दूसरी तरफ `आप` समर्थकों को काबू में रखने के लिए दिल्ली पुलिस को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

दिल्ली के संवेदनशील इलाके में जारी धरने और गणतंत्र दिवस की तैयारियों के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने सोमवार रात प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की। समझा जाता है कि शिंदे ने केजरीवाल की मांग और धरने से पैदा हुए हालातों की जानकारी पीएम को दी।

शिंदे ने साफ किया है कि वह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करेंगे। शिंदे ने यह भी कहा है कि दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय के ही अधीन रहेगी। दूसरी तरफ, भाजपा और `आप` पार्टी को समर्थन दे रही कांग्रेस ने केजरीवाल के इस कदम की आलोचना की है। कांग्रेस नेता अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि केजरीवाल जनता से किए गए वादों को पूरा करने की जगह आंदोलन में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को पहले जनता के वादे को पूरा करना चाहिए। जबकि भाजपा ने केजरीवाल पर जनता के साथ धोखा करने का आरोप लगाया।

केजरीवाल का धरना दिल्ली पुलिस के लिए भी मुसीबत बन गया है। दिल्ली पुलिस के 16 उपायुक्तों सहित करीब 2,000 कर्मियों को धरने पर बैठे दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काफी मुश्किल घड़ी का सामना करना पड़ रहा है।

केजरीवाल के धरनास्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने का इन कर्मियों का काम आज सुबह 6 बजे शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू होने के बाद धरना देने का फैसला किया ।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा,‘ऑफिस जाने वालों के लिए यातायात को सुचारू रखना और गणतंत्र दिवस परेड अ5यास के लिए सुरक्षित रास्ता भी एजेंडे में था क्योंकि आज सप्ताह का पहला दिन था।’धरनास्थल पर मुख्यमंत्री की सुरक्षा कर रहे 2,000 पुलिसकर्मियों में 16 पुलिस उपायुक्त, 34 सहायक पुलिस आयुक्त और 50 से अधिक निरीक्षक शामिल हैं।

कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस के कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

पार्टी प्रवक्ता मीम अफजल ने कहा, ‘केजरीवाल ने यह सब शुरू किया है और इसके साथ उनकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। सरकार सड़क से नहीं, सचिवालय से चलती है।’पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह ने यह भी कहा कि अगर आप कानून बदलना चाहती है तो उसे लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए क्योंकि ये संसद में बनते हैं और सड़कों पर धरने के जरिये नहीं।

केन्द्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने सोमवार रात प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भेंट की। केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के कुछ ही देर बाद शिंदे ने प्रधानमंत्री से भेंट की।

केजरीवाल ने उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस के एसएचओ के तबादले और पोस्टिंग के मामले में धन लेने जैसे आरोप लगाए थे। कहा जा रहा है कि शिंदे इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्यवाही के लिए कानून विशेषज्ञों से सलाह कर रहे हैं।

शिंदे कैबिनेट की बैठक से चले गए थे लेकिन 45 मिनट बाद प्रधानमंत्री से मिलने के लिए वापस लौट आए । जब शिंदे प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंचे तभी कैबिनेट की बैठक समाप्त ही हुई थी। वह करीब 20 मिनट तक प्रधानमंत्री के साथ रहे। हालांकि दोनों के बीच क्या बातचीत हुई इस संबंध में कोई औपचारिक जानकारी नहीं मिली है।

First Published: Monday, January 20, 2014, 23:51

comments powered by Disqus