Last Updated: Saturday, December 14, 2013, 18:16
नई दिल्ली : एक नवविवाहिता ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि उसने बैंकाक और थाईलैंड में हनीमून के दौरान उसके साथ क्रूरतापूर्वक बलात्कार किया।
23 वर्षीय पीड़िता अपने परिवार के साथ कल देर रात पुलिस के पास पहुंची। इसके बाद भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत पीड़िता के पति पुनीत भारद्वाज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
पुलिस ने कहा कि पीड़िता को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सीय परीक्षण में बलात्कार की पुष्टि हो गई। महिला को चिकित्सीय मदद दी गई है। पुलिस ने बताया कि एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में कार्यरत उसका पति फिलहाल फरार है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपनी शिकायत में पीड़िता ने कहा कि बैंकाक में हनीमून के दौरान उसके पति का बर्ताव उसके लिए शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना भरा था। उसने यह भी बताया कि शुरूआत में उन्हें मालदीव जाना था लेकिन उसका पति उसे बैंकाक ले गया। पीड़िता भी एक निजी कंपनी में काम करती है। 29 नवंबर को इन दोनों की अरेंज मैरिज हुई थी और 1 दिसंबर को ये दोनों हनीमून के लिए बैंकाक गए। इसके बाद 8 दिसंबर को ये दिल्ली लौट आए थे। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 13, 2013, 08:27