Last Updated: Tuesday, December 31, 2013, 14:25

नई दिल्ली : राहुल गांधी को कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जा सकने की संभावनाओं पर भाजपा ने आज कहा कि हाल के विधानसभा चुनावों के नतीजों ने साफ कर दिया है कि उनके नेतृत्व में उनकी पार्टी असफल हुई है और लोकसभा चुनाव में भी अच्छा प्रदर्शन मुमकिन नहीं है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने संवाददाताओं से कहा कि अगर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया जाता है तो हर किसी को मालूम है कि विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का क्या हुआ। पूरा देश जानता है कि राहुल कहीं क्लिक नहीं कर सकते हैं। उनकी क्षमताओं की पोल खुल चुकी है।
राहुल को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने से भाजपा की संभावनाओं को खतरा उत्पन्न हो सकने की बात से इंकार करते हुए सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के अच्छा प्रदर्शन करने की कोई संभावना नहीं है। यह पहले ही देखा जा चुका है। मुख्य विपक्षी दल के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस को समझना चाहिए कि भ्रष्टाचार के दाग को कुशासन से साफ नहीं किया जा सकता है। अगर कांग्रेस ऐसी कोशिश करती है तो यह दाग कांग्रेस के मुंह और हाथ पर और फैलेगा ही। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 31, 2013, 14:25