Last Updated: Tuesday, December 31, 2013, 18:19

नई दिल्ली : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आवास के बाहर विरोध-प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर कांग्रेस उपाध्यक्ष से स्पष्टीकरण की मांग की। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर की अगुवाई में प्रदर्शनकारी आज दोपहर राहुल गांधी के तुगलक लेन आवास पहुंचे और वीरभद्र सिंह के इस्तीफे की मांग की।
पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए उन पर पानी की तेज धार डाली। पीछे हटने से प्रदर्शनकारियों के इंकार के बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें खदेड़ा। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया और पास ही के तुगलक रोड पुलिस थाने में ले जाया गया।
भाजपा ने सोमवार को आरोप लगाया था कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने एक परियोजना के विस्तार को मंजूरी देने की एवज में एक निजी कंपनी से ‘‘रिश्वत’’ ली । पार्टी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से यह भी जानना चाहा कि वह वीरभद्र सिंह के खिलाफ क्या कार्रवाई करेंगे।
बहरहाल, वीरभद्र सिंह ने अपने खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को ‘‘गलत और बदनाम करने वाला’’ करार दिया और कहा कि वह किसी भी ऐसी जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं जिसका आदेश प्रधानमंत्री देंगे। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 31, 2013, 18:19