पासवान की एनडीए में पुनर्वापसी, बिहार में भाजपा-लोजपा का गठबंधन

पासवान की एनडीए में पुनर्वापसी, बिहार में भाजपा-लोजपा का गठबंधन

पासवान की एनडीए में पुनर्वापसी, बिहार में भाजपा-लोजपा का गठबंधनज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : ठीक 12 साल बाद एक बार फिर लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का दामन थाम लिया है। गुरुवार देर शाम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान ने अशोक रोड स्थित राजनाथ के निवास पर एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस मं भाजपा-लोजपा गठबंधन का ऐलान किया। राजनाथ ने कहा कि इस गठबंधन से बिहार में दोनों दलों को फायदा होगा। बिहार में जिन 7 सीटों पर लोजपा के साथ चुनावी गठबंधन हुआ है उनमें हाजीपुर, जमुई, समस्तीपुर, वैशाली, खगड़िया, मुंगेर और नालंदा शामिल है।

पासवान ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर स्वीकार करते हुए कहा कि मोदी राजग के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं इसलिए इस बारे में कोई सवाल नहीं उठता। भाजपा अध्यक्ष और लोजपा अध्यक्ष दोनों ने इस बात का भी ऐलान किया कि 3 मार्च को बिहार के मुजफ्फरपुर में होने वाली नरेंद्र मोदी की रैली में पासवान अपने सभी बड़े नेताओं के साथ शामिल होंगे।

पासवान ने कहा कि राजग में वह पहले भी रहे हैं और यह उनकी दोबारा वापसी है जिसकी उन्हें प्रसन्नता है। उन्होंने कहा कि दलितों को लेकर अब किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए क्योंकि एक तरह से पूरा दलित समाज आज भाजपा में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के अलावा आरपीआई के रामदास अठावले और एक अन्य बड़े दलित नेता उदित राज भी भाजपा का हिस्सा बन चुके हैं।

पासवान ने कहा कि वह राजग और संप्रग, दोनों की सरकारों में रहे हैं लेकिन पिछले आठ सालों में संप्रग ने दलितों के लिए कुछ नहीं किया, जबकि राजग उसके लिए प्रतिबद्ध है। अल्पसंख्यकों के सवाल पर पासवान ने कहा कि इस समुदाय के लिए प्रतिबद्धता उनकी पार्टी का मिशन है और वह बना रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कल मुसलमानों के एक सम्मेलन में इस समुदाय के प्रति सद्भावना खुले रूप में प्रकट की है जिससे मुस्लिमों के प्रति भाजपा का रूख स्पष्ट हो गया है और इसमें कोई शक की गुंजाइश नहीं है। इस अवसर पर लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष और पासवान के बेटे चिराग पासवान भी मौजूद थे। (एजेंसी इनपुट के साथ)

First Published: Thursday, February 27, 2014, 22:30

comments powered by Disqus