सोनिया और राहुल करें आत्मावलोकन : भाजपा

सोनिया और राहुल करें आत्मावलोकन : भाजपा

नई दिल्ली : कांग्रेस के कुछ नेताओं के हाल में भाजपा में शामिल होने से उत्साहित मुख्य विपक्षी दल ने आज दावा किया कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी के नेतृत्व में सत्तारूढ़ दल के सदस्यों में बढ़ रही विश्वास की कमी के कारण ऐसा हो रहा है। उसने राहुल और सोनिया को यह नसीहत भी दी कि वह आत्मावलोकन करें कि ऐसा क्यों हो रहा है।

भाजपा की प्रवक्ता निर्मला सीतारमण ने यहां कहा, ‘कांग्रेस के नेता चुनाव और पार्टी से भाग रहे हैं। यह सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व को चुनौती है। कांग्रेस के कई नेताओं का चुनाव लड़ने से मना करना या पार्टी छोड़ना सीधे-सीधे कांग्रेस नेतृत्व में विश्वास की कमी का द्योतक है।’

उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल के कांग्रेस नीत संप्रग शासन में देश में चहुमुखी बदहाली हुई है। मंहगाई बढ़ी है, बेरोजगारी बढ़ी है, भ्रष्टाचार बढ़ा है, निवेश घटा है और रुपए का मूल्य घटा है। उन्होंने कहा कि इसके चलते देश की जनता कांग्रेस नेतृत्व और उसके नेताओं से सख्त नाराज है। इसी कारण कांग्रेस के नेता या तो पार्टी छोड़ रहे हैं या चुनाव लड़ने से इंकार कर रहे हैं।

भाजपा में आज कांग्रेस के सतपाल महाराज और कुछ दिन पहले जगदम्बिका पाल शामिल हुए हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस में एक परिवार के वर्चस्व के चलते ऐसी स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि इस एक परिवार के वर्चस्व और चापलूसी के चलते आज देश में लगभग 460 ऐसे बड़े संस्थान, हवाई अड्डे, राष्ट्रीय योजनाएं आदि जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी आदि के नाम पर हैं।

उन्होंने कहा कि इस एक परिवार के चलते कांग्रेस के अन्य तमाम दिग्गज नेताओं की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश के लिए इतने बड़े-बड़े काम किए लेकिन हैदराबाद में एक पुलिस अकादमी के अलावा उनके नाम पर और कुछ नहीं किया गया। (एजेंसी)

First Published: Friday, March 21, 2014, 19:22

comments powered by Disqus