Last Updated: Friday, May 30, 2014, 10:38
ज़ी मीडिया ब्यूरो हैदराबाद : आंध्र प्रदेश के भावी मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की नई दिल्ली में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य केन्द्रीय मंत्रियों के साथ विभाजन से पहले राज्य के विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श के लिए मुलाकात निर्धारित है।
जानकारी के अनुसार, नायडू आज सुबह नई दिल्ली पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली से मुलाकात की। इसके बाद उनकी केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती के साथ बैठक होगी जिसमें पोलावरम बहु उद्देश्यीय सिंचाई परियोजना मुद्दे पर विचार विमर्श किया जाएगा।
तेदेपा प्रमुख आज शाम को प्रधानमंत्री से मुलाकात कर आंध्र प्रदेश को पांच साल के बजाय 10 साल के लिए ‘विशेष राज्य’ का दर्जा देने के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। आंध्र प्रदेश पुर्नर्गठन कानून 2014 में इसके लिए पांच साल का प्रावधान किया गया है। नायडू के करीबी सूत्रों ने बताया कि इसके लिए वह एक अध्यादेश लाए जाने पर जोर देंगे। तेदेपा प्रमुख आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना के बीच संपत्तियों एवं देनदारियों के बंटवारे, कर्मचारियों एवं बिजली का आवंटन तथा अन्य मुद्दों पर भी बातचीत करेंगे।
नायडू के आठ जून को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लिए जाने की संभावना है तथा उम्मीद है कि वह शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रधानमंत्री को न्योता देंगे। (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Friday, May 30, 2014, 10:19