Last Updated: Sunday, February 2, 2014, 23:40
बेलगांव (कर्नाटक) : कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने आज कहा कि कांग्रेस तेलंगाना गठन के विषय पर बिल्कुल दृढ है और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी भी इस मुद्दे पर जो सही लगे, वह कदम उठाने के लिए स्वतंत्र हैं।
सिंह ने कहा, ‘आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री को जो भी सही लगे, कदम उठाने को स्वतंत्र हैं। कांग्रेस पार्टी तेलंगाना के गठन के अपने रूख पर अडिग है।’ उनसे संसद में आंध्रप्रदेश पुनर्गठन 2013 विधेयक अपने वर्तमान रूप में संसद से पेश किये जाने पर राजनीति से संन्यास लेने की रेड्डी की धमकी के बारे में पूछा गया था।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर उन्होंने कहा कि यदि केजरीवाल के पास कोई कागजी सबूत है तो उन्हें उसे अदालत में पेश करना चाहिए, अन्यथा माफी मांगे।
गुजरात के विकास पर भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के दावे पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मोदी के ये उंचे दावे कि उनके शासनकाल में गुजरात ने विकास किया है, झूठ का पुलिंदा है। उन्होंने कहा कि गुजरात मोदी के मुख्यमंत्री बनने से पहले ही काफी विकास कर चुका था और विकास का श्रेय उद्यमियों को जाना चाहिए।
उन्होंने माना कि महंगाई और सत्ताविरोधी लहर ने हाल के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार में अहम भूमिका निभाई। येदियुरप्पा को पार्टी में वापस लेने पर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अपने खिलाफ लगे आरोपों से अदालत से बरी नहीं हुए हैं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, February 2, 2014, 23:40