Last Updated: Sunday, November 10, 2013, 22:02
ज़ी मीडिया ब्यूरोखेड़ा (गुजरात) : भाजपा पर भारत का इतिहास एवं भूगोल बदलने के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आरोपों के एक दिन बाद उन पर पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री पद के भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने देश का विभाजन होने दिया और इस तरह देश का भूगोल बदल दिया और हमारे वीर सेनानियों की उपेक्षा कर केवल नेहरू गांधी परिवार का यशोगान करते हुए देश का इतिहास बदल कर रख दिया। मोदी ने यहां मुख्यत: अल्पसंख्यक समुदाय द्वारा संचालित एक अस्पताल का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर करारा प्रहार किया।
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्रीजी, मुझे मालूम है कि यह आपके हाथ में नहीं है कि आपको क्या बोलना चाहिए और क्या नहीं बोलना चाहिए। लेकिन देश जानना चाहता है कि किसने देश का भूगोल बदला। आप जिस गांव में पैदा हुए थे, वह हिंदुस्तान का अंग था। लेकिन आज नहीं है। (ऐसे में) किसने भूगोल बदला। इस देश को किसने टुकड़ों में बांट डाला। ’सिंह का जन्म 26 सितंबर, 1932 में सुदूर गांव गाह में हुआ था जो अब पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में है।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने ही भारत को दो हिस्सों में बांटने का पाप किया। उन्होंने कहा, ‘‘आप कहते हैं कि हम भूगोल बदल रहे हैं। अक्सर चीन हमारी सरहद पर समस्याएं खड़ी करता है। उसने हमारी सैकड़ों वर्ग किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर रखा है। किसने इस भूगोल को बदला। यह कांग्रेस के शासन के दौरान बदला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र महात्मा गांधी के डांडी मार्च की याद में बनाए जाने वाले साबरमती दांडी धरोहर मार्ग का रास्ता बदलना चाहता है।
भाजपा नेता ने कहा, छह महीने पहले मुझे प्रधानमंत्री कार्यालय से पत्र मिला कि यह मार्ग 30 किलोमीटर दूर स्थानांतरित कर दिया जाए, आपने गांधी को छोड़ दिया और अब आप उस मार्ग को भी छोड़ देना चाहते हैं। उन्होंने इतिहास के मुद्दे पर प्रधानमंत्री एवं कांग्रेस पर वार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरदार पटेल को उनके देहावसान के 41 साल बाद भारत रत्न प्रदान किया गया जबकि जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी जब जिंदा थे तभी ही उन्हें यह सम्मान दे दिया गया था।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिस प्रथम स्वाधीनता संग्राम में हिंदू और मुसलमानों ने साथ मिलकर लड़ाई की थी उसे कांग्रेस की विचारधारा में ‘विद्रोह’ कहा जाता है। मोदी ने कहा कि अंडमान एवं निकोबार की सेल्युलर जेल में सजा काटने वाले स्वंतत्रता सेनानियों को अब भुला दिया गया। उन्होंने कहा, लोगों द्वारा इतिहास को भूला दिए जाने का काम किसने किया? उन्होंने कहा कि सरदार पटेल को राजीव गांधी के साथ भारत रत्न प्रदान किया गया, बी आर अंबेडकर के मामले में तो उन्हें यह सम्मान आजादी के 33 साल बाद प्रदान किया गया।
गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा, ऐसा क्यों किया गया? क्या यह इतिहास के साथ खिलवाड़ नहीं है? यह किसने किया? उन्होंने नेहरू गांधी परिवार की ओर इशारा करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा एक परिवार का यशोगान करने में लगी रही। मोदी ने यह भी कहा कि लाल बाल पाल यानी लाला लाजपत राय, बाल गंगाधर तिलक और बिपिनचंद्र पाल को कांग्रेस ने भुला दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा देश के सभी महान नायकों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा, कौन किस पार्टी से जुड़ा है, हम उसकी परवाह नहीं करते। कोई व्यक्ति, जिसने देश के वास्ते समर्पण किया, वह किस पार्टी से जुड़ा है या किस समुदाय से, यह मायने नहीं रखता। हम धरोहर नहीं बांटते... हम सभी के साथ खड़े हैं और सभी के विकास के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि कल महान आधुनिक शिक्षाविद अबुल कलाम आजाद और स्वतंत्रता सेनानी जे बी कृपलानी की 125 वीं जयंती है लेकिन कांग्रेस यह जयंती नहीं मनाती है।
First Published: Sunday, November 10, 2013, 19:39