ओडिशा के तट से टकराया चक्रवात फैलिन, पहले 6 घंटे होंगे भारी

ओडिशा के तट से टकराया चक्रवात फैलिन, पहले 6 घंटे होंगे भारी

ओडिशा के तट से टकराया चक्रवात फैलिन, पहले 6 घंटे होंगे भारीज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली/भुवनेश्वर: ओडिशा की तट की तरफ बढ़ने वाला चक्रवात फैलिन शनिवार रात सवा नौ बजे की करीब गोपालपुर के तट से टकराया। इस चक्रवात की रफ्तार 200 किलोमीटर प्रतिघंटा बताई जा रही है। समुद्र की लहरें तीन से साढ़े तीन मीटर ऊपर उठने की आशंका जताई जा रही है।

मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवात का रुख गोपालपुर से पारादीप की तरफ है। साथ ही कम से कम पहले छह घंटे तक चक्रवात का रुख ‘काफी गंभीर एवं भीषण’ होगा।

मौसम विभाग के डीजी एल.एस. राठौर ने कहा कि चक्रवात को ओडिशा तट पार करने में करीब एक घंटे का समय लगेगा। इस दौरान तूफान की गति में थोड़ा इजाफा होगा और चक्रवात की रफ्तार 210 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है।

चक्रवात को देखते हुए 183 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है जबकि 22 को आंशिक रूप से और 26 ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पूरे उत्तर भारत में तेज बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक इस फैलिन चक्रवात के प्रभाव सात राज्यों के पचास शहरों पर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने इस तूफान को ‘सुपर साइक्लोन’ की श्रेणी में नहीं रखा है।

रिपोर्टों में कहा गया है कि ओडिशा में 18 मछुआरे समुद्र में चार किलोमीटर अंदर फंस गए हैं।

इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने नई दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 5 लाख 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात के तट से टकराने के बाद समुद्र का पानी ओडिशा के कुछ इलाकों में 600 मीटर अंदर आ सकता है। इस बीच, तेज हवाओं के चलने से ओडिशा के पारादीप में 500 पेड़ उखड़ गए हैं। जबकि गोपालपुर में पेड़ गिरने से तीन महिलाओं सहित पांच लोग मारे गए हैं।

First Published: Saturday, October 12, 2013, 21:45

comments powered by Disqus