उत्तर भारत में आसमान से बरस रही आग, दक्षिण में झमाझम मानसूनी बारिश

उत्तर भारत में आसमान से बरस रही आग, दक्षिण में झमाझम मानसूनी बारिश

उत्तर भारत में आसमान से बरस रही आग, दक्षिण में झमाझम मानसूनी बारिशज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में पड़ रही गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पूरे उत्तर भारत में इन दिनों झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि पालम इलाके में पारा 47.2 डिग्री पर पहुंच गया, जो कि बीते 19 सालों में सबसे ज्यादा है। आज अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

उधर, देरी से चल रहे मानसून के दिल्ली में 15 जुलाई के बाद ही पहुंचने की संभावना है। शनिवार को तमिलनाडु के कई इलाकों में मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में कर्नाटक के कुछ और इलाकों, पूरे केरल और पूरे तमिलनाडु के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून दस्तक दे देगा।

राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा ओैर 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह 8.30 बजे नमी 20 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आज आसमान साफ रहेगा और बारिश होने अथवा तूफान आने की कोई संभावना नहीं है।

राष्ट्रीय राजधानी में कल तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया था जो इस मौसम का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। कल का न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था जो सामान्य के निशान से एक डिग्री ज्यादा था।

राजस्थान के अधिकतर स्थानों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़त दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के चुरू जिले में अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर में 48, बीकानेर 47.6, बाडमेर 47.4, चित्तौडगढ़ और कोटा में 46.4, जोधपुर 45.6, अजमेर और पिलानी में 44.6 डिग्री दर्ज किया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश में लोगों को लू के थपेड़ों और चिलचिलाती धूप से कोई राहत नहीं मिली है। फैजाबाद, इलाहाबाद, कानपुर, लखनऊ, बरेली, आगरा और मेरठ आदि में पारा सामान्य से काफी ऊपर बना रहा।

मध्य प्रदेश में भिंड सबसे गर्म इलाका रहा और शुक्रवार को यहां तापमान 49 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं हरियाणा के भिवानी में 48 और पंजाब के फरीदकोट में 47 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। जम्मू में पारा शुक्रवार को 43.7 डिग्री तक गया, वहीं पहाड़ी इलाके पुंछ में तापमान 40 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

First Published: Saturday, June 7, 2014, 14:16

comments powered by Disqus