लोकसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे की सरकार बनना तय : मुलायम

लोकसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे की सरकार बनना तय : मुलायम

लोकसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे की सरकार बनना तय : मुलायमलखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकतार्ओं को एकजुट होकर लोकसभा चुनाव में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि देश की आज जो राजनीतिक स्थिति है उसमें तीसरे विकल्प की सम्भावनाएं प्रबल हैं। इस विकल्प में सपा की सबसे बड़ी भूमिका तय है क्योंकि यह सबसे बड़ी पार्टी है। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा को लेकर सोमवार को पार्टी नेताओँ और पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते मुलायम ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बजाय तीसरे मोर्चे की सरकार ही बनना तय है।

यादव ने कहा कि देश के कई दल भी उम्मीद करते हैं कि इस बार समाजवादी पार्टी ज्यादा सीटें जीतकर आएगी और वे उसका साथ देंगे। दिल्ली में समाजवादी पार्टी की निर्णायक भूमिका के लिए ज्यादा से ज्यादा पार्टी के सांसदों की जीत जरूरी है।

यादव ने पार्टी पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे अर्जुन की तरह चिड़िया की आंख की पुतली यानी दिल्ली की गद्दी पर अपना निशाना रखें। समाजवादी पार्टी की दिल्ली में सरकार बनेगी तो महंगाई खत्म होगी, समाज के वंचितों को और कमजोर वर्ग को न्याय मिलेगा।

यादव ने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में हमारी बहुमत की सरकार नहीं थी तब हमने 39 सीटें जीती थी आज तो हमारी स्पष्ट बहुमत की सरकार है। जनता को ऐसी सुविधाएं कहीं नहीं दी गई है जैसा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी सरकार ने दी है।

बैठक में मौजूद सपा के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव ने कहा कि जिन नेताओं को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया गया है, सभी को मिलकर उनकी मदद करके जितवाना है। उन्होंने कहा कि चुनाव तैयारी की समीक्षा से स्पष्ट है कि अभी इसमें और ज्यादा तेजी के साथ काम की जरूरत है।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अब 120 दिन रह गए हैं। सपा सरकार अपना काम कर रही है। उसकी उपलब्धियां की दूसरे सूबे की सरकारें भी नकल करने को बाध्य हैं। इन जनहितकारी योजनाओं को नेता और कार्यकर्ता जनता तक पहुंचाएं। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, November 26, 2013, 08:40

comments powered by Disqus