जापानी पीएम शिंजो आबे की भारत यात्रा 25 जनवरी से

जापानी पीएम शिंजो आबे की भारत यात्रा 25 जनवरी से

जापानी पीएम शिंजो आबे की भारत यात्रा 25 जनवरी सेनई दिल्ली : जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे 25 जनवरी से भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर आएंगे जिस दौरान वह मुख्य अतिथि के तौर पर गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेंगे और द्विपक्षीय वार्षिक शिखरवार्ता के लिए प्रमुख मुद्दों पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से चर्चा करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने आज कहा कि दोनों प्रधानमंत्रियों की बातचीत से भारत-जापान रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी में मदद मिलेगी। आबे के साथ उनकी पत्नी आकी आबे आएंगी। वह भारत की गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि बनने वाले जापान के पहले प्रधानमंत्री होंगे। करीब दो पहले पहने जापान के सम्राट और उनकी पत्नी ने भी भारत का दौरा किया था।

आबे ने प्रधानमंत्री बतौर दूसरे कार्यकाल के लिए दिसंबर, 2012 में कामकाज संभाला था और तब से भारत और जापान के बीच रिश्तों में गर्माहट देखी गयी है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पिछले साल 7वीं वार्षिक शिखरवार्ता के लिए जापान गये थे जिस दौरान दोनों नेताओं ने समान हितों के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर गहन चर्चा की थी।

भारत और जापान के बीच बढ़ती नजदीकियां ऐसे वक्त में भी देखी जा रहीं हैं जब पूर्वी चीन सागर में विवादित द्वीप समूहों को लेकर जापान और चीन के बीच तनाव की स्थिति है। भारत और जापान एक असैन्य परमाणु सहयोग करार को जल्दी अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में भी लगे हैं। साल 2010 में इस सिलसिले में शुरू हुई बातचीत 2011 में फुकुशिमा परमाणु आपदा के बाद धीमी पड़ गयी लेकिन दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के निर्देश के बाद इसने फिर रफ्तार पकड़ ली। कारोबार के मोर्चे पर भारत-जापान द्विपक्षीय व्यापार 2012-13 में 18.61 अरब डॉलर पर पहुंच गया जो इसके पिछले साल के 18.43 अरब डॉलर के कारोबार से थोड़ा सा ज्यादा है।

भारत में दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर और दिल्ली-मुंबई रेल कॉरिडोर जैसी बड़ी परियोजनाओं को जापानी एजेंसियों की मदद मिल रही है। चेन्नई-बेंगलूर औद्योगिक कॉरिडोर परियोजना में भी जापान की सहभागिता है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, January 22, 2014, 23:16

comments powered by Disqus