वन एवं पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन ने दिया इस्तीफा

वन एवं पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन ने दिया इस्तीफा

वन एवं पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन ने दिया इस्तीफाज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : केंद्र की यूपीए सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उम्मीद जताई जा रही है कि नटराजन को लोकसभा चुनावों से पहले पार्टी संगठन के काम में लगाया जाएगा। वह राहुल गांधी के नेतृत्व में आगामी लोकसभा चुनाव में सहयोग करेंगी।

केन्द्र सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नटराजन के इस्तीफे को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति भवन की एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। विज्ञप्ति के मुताबिक तेल मंत्री एम. वीरप्पा मोइली को पर्यावरण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

59 वर्षीय नटराजन राज्यसभा की सदस्य हैं और राज्यसभा में उनका तीसरा कार्यकाल है। वह तमिलनाडु की हैं। उन्हें दो साल पहले मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया था। सूत्रों ने कहा कि उन्हें पार्टी में घोषणा पत्र और अन्य कार्यों के लिए लगाया जाएगा।

दिल्ली, छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष पहले ही बदले जा चुके हैं और लोकसभा चुनावों से पहले कई दूसरे प्रदेश संगठनों में बदलाव होने हैं। अगले कुछ दिनों में जयराम रमेश, सचिन पायलट, आनंद शर्मा और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी सरकार से छुट्टी लेकर संगठन में जा सकते हैं। लोकसभा चुनाव के साथ-साथ अगले साल महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम जैसे राज्यों में चुनाव होने हैं।

First Published: Saturday, December 21, 2013, 14:36

comments powered by Disqus