उत्तर भारत में भीषण गर्मी, दिल्ली में पारा 43.7 डिग्री

उत्तर भारत में भीषण गर्मी, दिल्ली में पारा 43.7 डिग्री

नई दिल्ली : उत्तर भारत में आज भयंकर गर्मी पड़ी जहां पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा और राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री रहा। दिल्ली में पारा 43.7 डिग्री तक चला गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। आद्र्रता 22 और 80 डिग्री के बीच रही।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की संभावना है। चिलचिलाती गर्मी ने राजस्थान में सामान्य जनजीवन पर असर डाला जहां कई स्थानों पर पारा शुष्क मौसम और उत्तर पश्चिम हवाओं के चलते एक से तीन डिग्री ऊपर चला गया।

इस मरू प्रदेश में श्रीगंगानगर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री रहा। जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, चुरू जिले भी भयंकर लू के चपेट में रहे। राज्य की राजधानी जयपुर में आज इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। वहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री दर्ज किया गया जो कल के अधिकतम तापमान से करीब 1.3 डिग्री ज्यादा है।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटे में राहत की कोई आस नहीं है। पंजाब और हरियाणा में भी स्थिति कोई अच्छी नहीं रही। दोनों राज्यों में पारा 40 डिग्री के ऊपर रहा। संघशासित क्षेत्र और दोनों राज्यों की साझी राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री रहा जो सामान्य से तीन डिग्री रहा। पंजाब में लुधियाना में 43.5 डिग्री और अमृतसर में 43.2 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।

हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रहा जबकि अंबाला में पारा 40 डिग्री तक गया। उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। राज्य में तापमान में वृद्धि हुई। आगरा में 43.4 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। गोरखपुर, वाराणसी, इलाहाबाद, फैजाबाद, झांसी और आगरा संभागों में दिन का तापमान बढ़ा। अनुमान है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और राज्य के पूर्वी हिस्से में छिटपुट स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, May 29, 2014, 23:14

comments powered by Disqus