Last Updated: Friday, November 8, 2013, 12:19
ज़ी मीडिया ब्यूरोउदयपुर: यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी नारायण साईं की सेविका गंगा को सूरत पुलिस ने उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। वह 6 अक्टूबर से फरार चल रही थी। गंगा को धर्मिष्ठा नाम से भी जाना जाता है। नारायण साईं पर रेप का आरोप लगाने वाली सूरत की महिला ने आरोप लगाया था कि गंगा आसाराम के बेटे को लड़कियां सप्लाई करती थी। वह लड़कियों को नारायण साईं के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करती थी। सूरत में नारायण साईं के खिलाफ सूरत की महिला ने रेप का आरोप लगाया था। केस दर्ज होने के बाद से नारायण साईं फरार है। सूरत पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया था।
उधर नारायण साई ने ‘ओजस्वी पार्टी’ नाम से एक राजनीतिक पार्टी बना ली है। मीडिया रिपोर्टों में गुरुवार को यह दावा किया गया। ‘ओजस्वी पार्टी’ के उपाध्यक्ष होने का दावा करने वाले स्वामी ओमजी ने ज़ी मीडिया से कहा कि साई पुलिस से भाग नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि साई अपनी पार्टी के प्रचार में जुटे हैं और लोगों से मिल रहे हैं। रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि छह अक्टूबर को सूरत में अपने खिलाफ रेप का मामला दर्ज होने के बाद से साई लगातार फरार चल रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक जंतर-मंतर आए थे लेकिन दिल्ली पुलिस उन्हें पहचान नहीं सकी। साई ने अपना हुलिया बदल लिया था। ओमजी ने बताया कि साई की यह पार्टी दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा ओमजी ने कहा कि नीलम दुबे आसाराम की आधिकारिक प्रवक्ता नहीं हैं।
First Published: Friday, November 8, 2013, 10:13