कानपुर में नरेंद्र मोदी की `विजय शंखनाद रैली` आज

कानपुर में नरेंद्र मोदी की `विजय शंखनाद रैली` आज

कानपुर में नरेंद्र मोदी की `विजय शंखनाद रैली` आजज़ी मीडिया ब्यूरो
कानपुर : गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के कानपुर में आज विजय शंखनाद रैली को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में भाजपा की चुनावी अभियान की शुरूआत हो जाएगी। रैली यहां इंदिरानगर के बुद्धा पार्क में होने जा रही है। `विजय शंखनाद रैली` में नरेंद्र मोदी एक भव्य मंच से आज 3.30 बजे संबोधित करेंगे। पार्टी के प्रदेश प्रभारी अमित शाह और प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने रैली की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को सारे इंतजामों का रिहर्सल किया।

भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बनने के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तरप्रदेश में पहली रैली होने जा रही है। कानपुर में दोपहर ढाई बजे शुरू होने वाली इस रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह समेत पार्टी के कई बड़े नेता हिस्सा लेंगे।

रैली के प्रचार प्रसार की अभूतपूर्व व्यवस्था के तहत मोदी की बातों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए पार्टी आईटी तकनीक का भी सहारा ले रही है। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने बताया कि मोदी के भाषण को सुनने के लिए फोन कॉल का इंतजाम भी किया गया है। इसके लिए कोई भी 022-45014501 नंबर डायल करके साधारण दरों पर नरेन्द्र मोदी का भाषण सुन सकता है। इसके अलावा 09328280005 नंबर पर मिस कॉल देने से उपभोकता के मोबाइल पर एक एसएमएस आएगा जिसमें मोदी के उत्तर प्रदेश में रैली से जुड़े सभी कार्यक्रमों की जानकारी होगी। साथ ही भाजपा की वेबसाइट फेसबुक और ट्विटर पर भी नरेन्द्र मोदी की रैली कार्यक्रम से जुडे सभी अपडेट उपलब्ध होंगे।

आज की रैली में मोदी 100 फुट लंबे मंच से संबोधित करेंगे। इसके अलावा पूरे मैदान में करीब 100 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। कानपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने बताया, `मुख्य मंच जहां से मोदी संबोधन करेंगे वह 100 फुट लंबा और 30 फुट चौड़ा बनाया गया है। इस मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा दो मंच और बनाए गए हैं जिनमें प्रदेश के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी विराजमान होंगे।` भाजपा का अनुमान है कि इस रैली में करीब तीन लाख लोग आएंगे।

First Published: Saturday, October 19, 2013, 09:50

comments powered by Disqus