कोई ताकत BJP को लोकसभा में बहुमत पाने से नहीं रोक सकती: राजनाथ

कोई ताकत BJP को लोकसभा में बहुमत पाने से नहीं रोक सकती: राजनाथ

मुंबई : भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने आज कहा कि धरती की कोई शक्ति उनकी पार्टी को लोकसभा चुनावों में बहुमत से नहीं रोक सकती। सिंह ने कहा, ‘लोगों ने बदलाव का आह्वान किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मैं इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि भारत के लोगों ने अपना मन बना लिया है कि परिवर्तन की आवश्यकता है।’ भाजपा द्वारा यहां आयोजित ‘महागर्जना’ रैली में सिंह ने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ लोगों में नाराजगी है।

दिल्ली में हाल ही हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को आठ सीटें मिलने पर पार्टी का उपहास करते हुए सिंह ने कहा कि कांग्रेस के विधायकों को ले जाने के लिए एक टोयोटा इन्नोवा ही पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के बाद अगर हमारी सरकार बनती है तो हम विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देंगे और रूपए को मजबूत बनाएंगे। भाजपा अध्यक्ष ने भ्रष्टाचार मुद्दे पर महाराष्ट्र की कांग्रेस-राकांपा सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, ‘आदर्श, कैंपा कोला सोसाइटी घोटाला, सिंचाई घोटाला, ऐसा प्रतीत होता है कि महाराष्ट्र सरकार घोटालों की सरकार है। आदर्श समिति की रिपोर्ट को यह कहकर खारिज कर दिया गया कि यह जनहित में किया गया था। क्या भ्रष्टाचार में कोई जनहित हो सकता है।’

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा, ‘कांग्रेस के नेता कहते हैं कि कोई चाय बेचने वाला (मोदी) क्या प्रधानमंत्री बन सकता है? बराक ओबामा ने आइसक्रीम बेची, अब्दुल कलाम ने अखबार बेची, लिंकन ने लकड़ियां काटी। अगर वे प्रमुख पदों पर पहुंच सकते हैं तो नरेंद्र मोदी क्यों नहीं?’ उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस के लोग हमें चोर और जहरीली पार्टी, मौत का सौदागर कहते हैं। लेकिन हम नाराज नहीं होते। हमें गुस्सा तब आता है जब हम महसूस करते हैं कि हमारी सीमाएं सिमट रही हैं, जब पाकिस्तानी सैनिक हमारे जवानों का सिर काट देते हैं, जब चीन घुसपैठ करता है, जब अमेरिका हेडली हमें नहीं सौंपता।’

लोकपाल विधेयक पारित कराने को लेकर कांग्रेस द्वारा श्रेय लेने का प्रयास करने की आलोचना करते हुए सिंह ने कहा, ‘जो लोग भ्रष्टाचार में डूबे हैं, वे लोकपाल पारित कराने का दावा करते हैं। मैं लोकपाल का श्रेय अन्ना हजारे को दूंगा। हजारे को जेल में बंद करने वाली कांग्रेस श्रेय लेने का दावा कर रही है।’ उन्होंने कहा, ‘मैं भीड़ से पूछना चाहता हूं कि क्या आप हमें महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीटों में से कम से कम 46 का आश्वासन दे सकते हैं।’ सिंह ने बाल ठाकरे को श्रद्धांजलि भी दी जिनका पिछले साल निधन हो गया था। (एजेंसी)

First Published: Sunday, December 22, 2013, 20:28

comments powered by Disqus