देश को बर्बाद करने वाले को अब सबक सिखाना है: नरेंद्र मोदी

देश को बर्बाद करने वाले को अब सबक सिखाना है: नरेंद्र मोदी

देश को बर्बाद करने वाले को अब सबक सिखाना है: नरेंद्र मोदीज़ी मीडिया ब्‍यूरो

संभलपुर : बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्‍मीदवार नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी पर जमकर बरसे। मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों और जनजातियों की परवाह नहीं करती और हमेशा लोगों को धोखा देती रही है।
सिर्फ मुझे प्रधानमंत्री बनाना ही जनता का मकसद नहीं है।

ओडिशा की राजधानी भुबनेश्वर से करीब 320 किलोमीटर दूर संबलपुर कस्बे में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की झूठे वादे करने की आदत है। हर चुनाव के समय कांग्रेस एक झूठ के साथ सामने आती है।

बीजेपी नेता ने कांग्रेस पर आक्रामक ढंग से प्रहार करते हुए कहा कि धोखा करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करती है। देश धोखा करने वाले को कभी माफ नहीं करेगा। देश को बर्बाद करने वाले को अब सबक सिखाना है। उनका इशारा पूरी तरह कांग्रेस की तरफ था। उन्‍होंने कहा कि
कांग्रेस जनता की आंखों में धूल झोंकती आई है। कांग्रेस ने तो संसद तक में मिर्ची झोंक दी, इसके बाद अब बचा ही क्‍या।

उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस ने अब तक कोई वादा पूरा नहीं किया है। कांग्रेस झूठे वायदे करने में माहिर है। कांग्रेस पार्टी कभी गरीबों का भला कर ही नहीं सकती है। कांग्रेस को 60 साल के बाद यादा आया कि भोजन के लिए कानून बनाया जाना चाहिए। कांग्रेस को गरीबों और भोजन की बात समझने में 60 साल लग गए। कांग्रेस ही वह पार्टी है, जिसने देश में महंगाई बढ़ाई।

मोदी ने ओडिशा की जनता से आर्शीवाद मांगा और कहा कि मैं जनता के आंसू पोछने के लिए आना चाहता हूं। उन्‍होंने कहा कि मौजूदा हालत में बदलाव नहीं किया गया तो हमारा देश काफी पीछे रह जाएगा। पूर्व अटल बिहारी वाजपेयी के शासन में गरीबों और आदिवासियों के लिए काफी काम किए गए। बीजेपी ने ही आदिवासियों को हक दिलाया।

गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने 2009 के चुनाव के समय राज्य का दौरा किया था और उस समय कांग्रेस ने वादा किया था कि वह 100 दिनों में महंगाई पर काबू करेगी। उन्होंने जमा भीड़ से सवाल किया, क्या उसने अपना वादा पूरा किया? क्या वास्तव में कीमतें कम हुईं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भुखमरी और लोगों की कठिनाइयों को समझने में 60 वर्ष लगा दिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या वे इसे वर्षो तक भूले बैठे रहे?

मोदी ने कहा कि यह भाजपा सरकार, चाहे वह छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश या गुजरात में हो, उसी ने जनजाति समुदाय को उसकी भूमि का अधिकार दिया है। लोगों से भाजपा को अपार बहुमत देने की अपील करते हुए मोदी ने कहा कि देश को सुशासन की जरूरत है और इसके लिए केंद्र में स्थिर सरकार की जरूरत है। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाजपा सांसदों को चुना जाना जरूरी है। केंद्र सरकार पर भाजपा शासित राज्यों के लोगों की समस्याओं के प्रति उपेक्षा का बर्ताव अपनाने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा कि तूफान और वर्षा से मध्य प्रदेश में फसलें तबाह हो गईं और वहां के मुख्यमंत्री को केंद्र को जगाने के लिए उपवास पर बैठना पड़ा। मोदी ने लंदन में आयोजित एक हालिया कार्यक्रम में सर्वोच्च न्यायालय और चुनाव आयोग की आलोचना करने के लिए विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद का नाम लिए बगैर आलोचना की।

उन्होंने कहा कि हम अपने लोकतंत्र पर गर्व करते हैं। हमारा चुनाव आयोग और सर्वोच्च न्यायालय क्षमता के साथ कार्य कर रहा है, लेकिन हमारे विदेश मंत्री उसकी आलोचना करते हैं।

First Published: Friday, March 14, 2014, 13:58

comments powered by Disqus