Last Updated: Friday, January 31, 2014, 20:17
नई दिल्ली : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा, दिग्विजय सिंह, मुरली देवडा और कुमारी सैलजा, रिपब्लिकन पार्टी के अठावले और भाजपा के विजय गोयल विभिन्न राज्यों से राज्यसभा के लिए आज निर्विरोध चुने गए 37 सदस्यों में शामिल हैं। शेष 18 सीटों के लिए चुनाव सात फरवरी को होने हैं जिनमें आंध्र प्रदेश की छह, पश्चिम बंगाल की पांच, ओडिशा की चार और असम की तीन सीटें शामिल हैं।
जिन सदस्यों को चुनाव से गुजरना है उनमें असम से संजय सिंह, कांग्रेस के टी. सुब्बारामी रेड्डी और केवीपी रामचन्द्र राव और टीआरएस के केशव राव (सभी आंध्र प्रदेश से) और पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती शामिल हैं। महाराष्ट्र से चुने गये सात उम्मीदवारों में केन्द्रीय मंत्री शरद पवार और मुरली देवडा शामिल हैं। पवार ने पहले की लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी थी। अन्य उम्मीदवार हैं : माजिद मेमन (राकांपा), हुसैन दलवई (कांग्रेस), राजकुमार धूत (शिवसेना), संजय काकडे (निर्दलीय) और आरपीआई नेता रामदास अठावले।
महाराष्ट्र से प्रकाश जावड़ेकर (भाजपा), भरत कुमार राउत और राजकुमार धूत (शिवसेना), मुरली देवड़ा और हुसैन दलवई (कांग्रेस), वाई.पी. त्रिवेदी और जनार्दन वाघमारे (राकांपा) का कार्यकाल दो अप्रैल को समाप्त हो रहा था इसलिए चुनाव जरूरी हो गए थे। दलवई, धूत और देवड़ा दूसरे कार्यकाल के लिए पुनर्निर्वाचित हुए।
राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी के विजय गोयल, रामनारायण डूडी एवं नारायण लाल पंचारिया को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। राजस्थान विधानसभा के विशिष्ट सचिव एवं राज्यसभा निर्वाचन के निर्वाचन अधिकारी पी.के. शास्त्री ने गोयल, डूडी एवं पंचारिया को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
बिहार से राज्यसभा के सभी पांच उम्मीदवार सत्ताधारी जदयू के तीन और भाजपा के दो उम्मीदवार आज निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। इनमें जदयू के रामनाथ ठाकुर, हरिवंश और कहकशां परवीन जबकि भाजपा के सीपी ठाकुर और आरके सिन्हा शामिल हैं। जदयू के तीनों उम्मीदवार संसद के उच्च सदन में पार्टी के नए चेहरे हैं।
रामनाथ ठाकुर प्रख्यात समाजवादी नेता तथा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के पुत्र हैं जबकि हरिवंश जानेमाने पत्रकार और हिंदी अखबार ‘प्रभात खबर’ के संपादक हैं। परवीन मुस्लिम समुदाय से संबंध रखती हैं। रामनाथ, हरिवंश और परवीन ने शिवांनद तिवारी, नौकरशाह से नेता बने एनके सिंह और शाबिर अली की जगह ली है। भाजपा नेता सीपी ठाकुर पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं जबकि आरके सिन्हा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा कांग्रेस की नेता कुमारी सैलजा और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के उम्मीदवार रामकुमार कश्यप हरियाणा से निर्विरोध निर्वाचित हो गये। हरियाणा से राज्ससभा की दो सीटें कांग्रेस के उम्मीदवार राम प्रकाश और ईश्वर सिंह का कार्यकाल अगले महीने समाप्त होने की वजह से खाली हुईं।
झारखंड में सत्ताधारी गठबंधन के झामुमो और कांग्रेस समर्थित राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार प्रेमचंद गुप्ता और भाजपा एवं आज्सू समर्थित निर्दलीय परिमल नाथवाणी निर्विरोध निर्वाचित हो गये। तमिलनाडु से अन्ना द्रमुक, द्रमुक और माकपा के छह सदस्य निर्विरोध चुन लिये गये। इनमें एल. शशिकला पुष्पा, विजिला सत्यनंत, एस. मुथुकरूप्पन और एके सल्वाराज (सभी अन्ना द्रमुक), द्रमुक के तिरूचि एन शिवा और माकपा के टी के रंगराजन शामिल हैं।
First Published: Friday, January 31, 2014, 17:55