बदायूं घटना का राजनाथ सिंह ने लिया जायजा

बदायूं घटना का राजनाथ सिंह ने लिया जायजा

बदायूं घटना का राजनाथ सिंह ने लिया जायजानई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बदायूं में स्थिति का जायजा लिया। यहां दो किशोरियों के साथ बलात्कार कर उनकी हत्या कर दी गयी। राज्य सरकार ने कहा है कि दोषियों को दंडित किया जाएगा।

सरकारी सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने राजनाथ सिंह को इस बर्बर घटना के बारे में बताया। गृह मंत्री को बताया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने सूचित किया है कि अपराध में शामिल कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और सभी दोषियों को दंडित किया जाएगा।

प्रदेश सरकार ने घटना का ब्यौरा देते हुए एक रिपोर्ट भी गृह मंत्रालय को भेजी है। सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्रालय के अधिकारी उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों के नियमित संपर्क में हैं और प्रदेश के अधिकारियों से कहा गया है कि वे सुनिश्चित करें कि घटना में शामिल लोग जल्द से जल्द गिरफ्तार हों।

प्रदेश में दो दलित बहनों के साथ बर्बर बलात्कार और उसके बाद उनकी हत्या को लेकर लोगों में गहरी नाराजगी है। अधिकारियों ने इस अपराध के सिलसिले में दो कांस्टेबल बर्ख्रास्त कर दिये हैं और पुलिस ने मामले के एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

तीन दिन पहले इन बहनों के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया और उनके शव एक पेड़ से लटके पाये गये। (एजेंसी)

First Published: Friday, May 30, 2014, 18:55

comments powered by Disqus