Last Updated: Saturday, January 18, 2014, 13:10
जयपुर : केंद्रीय मंत्री शशि थरूर अपनी पत्नी की मौत की वजह से जयपुर साहित्य महोत्सव में शामिल नहीं होंगे। थरूर को आज इस महोत्सव में शामिल होना था। लेकिन बीती रात उनकी पत्नी सुनन्दा पुष्कर नयी दिल्ली के लीला पैलेस होटल के एक कमरे में मृत पाई गईं। सुनन्दा थरूर और एक पाकिस्तानी पत्रकार के बीच कथित विवाहेत्तर संबंधों को लेकर व्यथित थीं। हाल ही में सुनन्दा और थरूर विवादों में घिरे थे जब ये खबरें आईं कि सुनन्दा अपने पति शशि थरूर और एक पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार के बीच हुए कथित ट्वीट संदेशों को लेकर व्यथित थीं।
साहित्य महोत्सव से जुड़े संजय राय ने कहा ‘यह दुखद है कि थरूर आज महोत्सव में शामिल नहीं होंगे। इस साहित्य महोत्सव के तहत चल रहे लोकतंत्र वार्तालाप के तहत होने वाले सत्र ‘द पैराडॉक्सेस ऑफ डवलपमेंट एंड ग्रोथ’ में आज थरूर को शामिल होना था। वह विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुई खुर्शीद की लिखी पुस्तक ‘ट्रावैल्स विद चाची’ का विमोचन भी करने वाले थे। इसके अलावा उन्हें दक्षिण एशियाई साहित्य के लिए 50,000 डालर के पुरस्कार समारोह का भी उद्घाटन करना था। राय ने कहा ‘अब किताब का विमोचन कोई और करेगा। शाम को हम एक संगीत समारोह में थे जब हमें यह दुखद खबर मिली। यह बहुत दुखद है।’
केंद्रीय मंत्री थरूर ने कल ट्विटर पर डाले गए अपने आखिरी पोस्ट में कहा था कि पत्नी सुनन्दा पुष्कर की तबियत ठीक न होने की वजह से वह साहित्य महोत्सव में भाग नहीं ले पाएंगे। रात को पत्नी की मौत से पहले केंद्रीय मंत्री ने अपने आखिरी ट्वीट में कहा ‘‘मेरी पत्नी की बीमारी का मतलब है कि मुझे उनके पास रहने की जरूरत है और मैं जयपुर साहित्य महोत्सव 2014 के सभी पांच आयोजनों में शामिल नहीं हो पाउंगा।’’ (एजेंसी)
First Published: Saturday, January 18, 2014, 13:10