केंद्र में बनेगी तीसरे मोर्चे की सरकार: मुलायम सिंह यादव

केंद्र में बनेगी तीसरे मोर्चे की सरकार: मुलायम सिंह यादव

गोण्डा : उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने दावा किया है कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा में से किसी को बहुमत मिलने वाला नहीं है तथा केन्द्र में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी जिसमें उनकी पार्टी की भूमिका अहम होगी।

मुलायम ने आज यहां सरदार भगत सिंह इन्टर कालेज मैदान पर आयोजित पार्टी की देश बचाओ देश बनाओ रैली को संबोधित करते हुए कहा, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा को बहुमत नहीं मिलने वाला। तीसरे मोर्चे की सरकार बनेंगी और उसमें सपा की भूमिका अहम होगी। सपा को केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित बताये जाने की ओर इशारा करते हुए सपा मुखिया ने कहा, उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 80 लोकसभा सीटें हैं, उत्तर प्रदेश के बिना किसी की सरकार बनने वाली नहीं है और यदि सपा को यहां 70 सीट मिल जाती है तो तीसरे मोर्चे में इसकी भूमिका अहम होगी। पार्टी कार्यकर्ताओं को ललकारते हुए मुलायम ने उन्हें तीसरे मोर्चे का अंकगणित भी समझाया और कहा कि उत्तर प्रदेश में जहां अकेले 80 लोकसभा सीटे हैं तो अन्य राज्यों में यह संख्या ज्यादा से ज्यादा 39-40 है।

यादव ने कहा कि केन्द्र में तीसरे मोर्चे की सरकार बनने पर उनकी पार्टी किसानों युवकों और बेरोजगारों को जरूरी सुविधाएं दिलाये जाने के लिए दबाव बनायेगी कारण कि दिल्ली में पैसे की कमी नहीं है। प्रदेश की राजनीति में दूसरी मुख्य खिलाडी बसपा की ओर इशारा करते हुए वर्ष 1993 में उसके साथ गठबंधन में सरकार बना चुके मुलायम ने कहा कि राजनीति में कई गलतियां हो जाती हैं बसपा उनकी ऐसी ही गलती का परिणाम है मगर अब उसका खात्मा हो रहा है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रैली में अपनी सरकार के काम गिनाते हुए 9 नयी परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 54 अन्य का शिलान्यास किया।

रैली को संबोधित करते हुए वरिष्ठ मंत्री आजम खां ने कांग्रेस पर मुसलमानों को अपमानित करने वाली पार्टी बताया और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को मुसलमानों का कातिल बताया। सपा मुखिया यादव ने कभी उनके सबसे खास दोस्तों में रहे केन्द्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के संसदीय क्षेत्र में हुई इस रैली में गोण्डा सहित इस अंचल की अन्य लोकसभा सीटों पर अगले चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों का परिचय भी करवाया और उनकी जीत के लिए वोट की अपील की। (एजेंसी)

First Published: Monday, February 3, 2014, 21:15

comments powered by Disqus